बेटी की आबरू बचाने को मां ने अपना सुहाग उजाड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेटी पर बुरी नजर डालना व्यक्ति के लिए काफी महंगा साबित हुआ। उसकी घिनौनी करतूत से तैश में आई पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम। दरअसल हरियाणा के पानीपत के संजय कॉलोनी में बृहस्पतिवार रात पति के घर आकर शराब मांगना और फिर बेटी पर बुरी नजर डालने जैसी घिनौनी करतूत से तैश में आई महिला ने उसके सिर में लोहे की मूसली मारकर हत्या कर दी।
घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बड़ी बेटी की तहरीर पर महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पति की हत्या के बाद फरार महिला को पुलिस ने शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया।
मॉडल टाउन थाना पुलिस के अनुसार संजय कॉलोनी निवासी बलकार रात नौ बजे घर आया और पत्नी जीतो से शराब व मीट लाने को कहा। जीतो ने कहा कि घर में राशन लाने को तो पैसे हैं नहीं, ऐसे में वह शराब व मीट कहां से लेकर आए। यह जवाब सुनकर बलकार भड़क गया।
बड़ी बेटी के बयान के बाद महिला गिरफ्तार
आरोप है कि इसी बीच उसने अपनी छोटी बेटी को बुरी नीयत से पकड़ लिया। जीतो ने उसे छुड़वाने का प्रयास किया, फिर भी वह नहीं माना तो तैश में आई जीतो ने उसके सिर में लोहे की मूसली से प्रहार किए। इससे वह मौके पर ही ढेर हो गया।
डॉक्टर के पास लेकर दौड़ेः बलकार के ढेर होते ही उसे मरा समझकर जीतो घर से निकल गई। उस समय घर में मौजूद जीतो की बड़ी बेटी काजल ने अपने परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी। परिजन बलकार को बेहोशी की हालत में डॉक्टर के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजनों ने मॉडल टाउन पुलिस को वारदात की जानकारी दी।
पुलिस ने शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और घटना का ब्योरा लेने के लिए बलकार के घर पहुंची। देर रात काजल की शिकायत पर जीतो के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
विपिन कादियान, प्रभारी, थाना मॉडल टाउन पानीपत ने बताया कि मृतक की बड़ी बेटी के बयान के अनुसार पिता ने उसकी मां से शराब व मीट की मांग की थी और उसकी बहन को बुरी नीयत से पकड़ लिया था। मृतक के सिर में दो-तीन जगह चोट के निशान हैं। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।