चंडीगढ़ में दरिंदगी: दिल्ली की महिला से ऑटो चालक ने किया दुष्कर्म, सड़क पर फेंककर भागा, घंटे भर में पुलिस ने आरोपी को दबोचा
चंडीगढ़ में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। ऑटो चालक ने वारदात को अंजाम दिया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को एक घंटे में दबोच लिया है। पीड़ित महिला दिल्ली की रहने वाली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली से अपने जानकार के यहां चंडीगढ़ आई 35 वर्षीय महिला से एक ऑटो चालक ने पहले दुष्कर्म किया और फिर उसे सड़क पर फेंककर भाग निकला। वारदात रविवार देर रात करीब 12 बजे की है। जानकार के न मिलने पर महिला वापस दिल्ली जाने के लिए रेलवे स्टेशन से आईएसबीटी-17 के लिए ऑटो में सवार हुई थी। महिला को अकेला देख आरोपी उसे सेक्टर-17 स्थित सिविल सचिवालय के पीछे सुनसान सड़क पर ले गया और ऑटो में ही वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान उसने महिला की बुरी तरह से पिटाई भी की।
महिला को रोते देख एक होमगार्ड ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिस महिला के पास पहुंची और आरोपी का हुलिया आदि पूछकर एक घंटे के भीतर ही उसे सेक्टर-17 बस स्टैंड के पास पार्किंग से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और ऑटो को भी कब्जे में ले लिया।
आरोपी चालक की पहचान दड़वा निवासी जयदेव उर्फ उपेंद्र (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी की हाल ही में शादी हुई है। सेक्टर-17 थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि दिल्ली निवासी 35 वर्षीय महिला अपने पति से लड़ाई झगड़े के बाद दिल्ली से चंडीगढ़ अपने एक जानकार से मिलने आई थी लेकिन घर पर जानकार के नहीं मिलने पर दिल्ली लौटने के लिए वह रेलवे स्टेशन पहुंची लेकिन कोई ट्रेन न होने पर रेलवे स्टेशन से आईएसबीटी-17 के लिए ऑटो कर लिया लेकिन ऑटो चालक उसे सेक्टर-17 स्थित सिविल सचिवालय के पीछे स्लिप रोड पर ले गया और अंधेरे का फायदा उठाकर सुनसान जगह पर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान उसने महिला की बुरी तरह से पिटाई भी की।
सचिवालय के होमगार्ड ने महिला को रोते देख पुलिस बुलाई
वारदात के बाद जब महिला सड़क पर रो रही थी तो सिविल सचिवालय में एक होमगार्ड ने उसकी आवाज सुनी। इसके बाद होमगार्ड महिला के पास पहुंचा तो वारदात की जानकारी हुई। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। 112 नंबर पर कॉल करने के बाद गश्त कर रही पुलिस की एक टीम कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई। दुष्कर्म की वारदात से पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और सेक्टर-17 में ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी। आरोपी बस स्टैंड के पास एक पार्किंग में ऑटो में ही बैठा था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद दिल्ली से पीड़िता का पति भी चंडीगढ़ पहुंच गया।
चंडीगढ़ से अंजान थी पीड़िता, मोबाइल भी नहीं था
पीड़ित महिला मूलरूप से कोलकाता की है और दिल्ली में रहती है। पीड़िता अनपढ़ है, वह चंडीगढ़ से भी अंजान थी। उसके पास मोबाइल भी नहीं था और न वह किसी को जानती थी। पुलिस ने सोमवार को जिला अदालत में पीड़िता के 164 के बयान दर्ज करवाए। पुलिस ने पीड़िता का सेक्टर-16 के अस्पताल में मेडिकल करवाया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
पहले भी हो चुकी ऑटो गैंगरेप की दो वारदातें
13 दिसंबर 2016: 21 वर्षीय लड़की के साथ ऑटो चालक व उसके साथी ने दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने पिकाडली चौक से घर जाने के लिए ऑटो लिया था। ऑटो में पहले से दो लोग सवार थे। आरोपियों ने सेक्टर-29 स्लिप रोड जंगल के पास सुनसान जगह पर ऑटो खराब होने का बहाना बनाकर रोक लिया और ऑटो ठीक करने का नाटक करने लगे। इस दौरान ऑटो में बैठे आरोपी ने पीड़िता को धक्का मारा, जबकि दूसरे आरोपी ने चाकू दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया। बाद में तीनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपी पकड़े गए और आजीवन कारावास की सजा हुई।
27 अगस्त 2017: मोहाली निवासी युवती सेक्टर-37 से टाइपिंग क्लास से मोहाली लौट रही थी। उसने घर जाने के लिए ऑटो लिया। ऑटो में पहले से तीन आरोपी सवार थे। सेक्टर-53 में तीनों ने पीड़िता से सामूहिक दुष्कर्म किया था।
दिल्ली से चंडीगढ़ आई एक महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई है। आरोपी ऑटो चालक को पुलिस ने एक घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। -रामगोपाल, डीएसपी, चंडीगढ़