60 साल के मकान मालिक ने किया नाबालिग से रेप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर में एक 60 वर्षीय मकान मालिक किराए में रह रहे एक परिवार की नाबालिग लड़की को मकान खाली कराने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर रेप करता रहा।
महीनों बीत गए, लेकिन लड़की ने धमकी से डरकर अपने परिजनों को भी आपबीती नहीं बताई। इसी बीच उसके पेट में दर्द उठा और उसने मां को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद वीरवार देर रात मामला पुलिस तक पहुंचा और जब मेडिकल कराया गया तो पता चला कि लड़की आठ माह की गर्भवती है।
आरोपी ने बनाया था पीड़ित परिवार पर दबाव
बहरहाल, पिंजौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसकी पिंजौर क्षेत्र में ही परचून की दुकान है, लेकिन मामले का खुलासा होने के बाद से वह फरार है।
पीड़ित परिवार हरिद्वार का मूल निवासी है और पिंजौर क्षेत्र में ही किराए के मकान में करीब तीन साल से रहता है। लड़की के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि घटना का खुलासा होने के बाद आरोपी ने पैसे लेकर मामले को रफा-दफा करने का भी दबाव बनाया।
थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 व पॉस्को के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित की उम्र की जांच भी कराई गई है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही असली उम्र का पता चल सकेगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।