घर में आग लगा भागा सब्जी विक्रेता, पत्नी और एक बेटी जिंदा जलीं, पुलिस ने रोका तो बोला- तुम्हें भी मार दूंगा
- सल्हारा मोहल्ला की वारदात
- घर की दीवार कूद भागा आरोपी
- दमकल की सहायता से बुजाई आग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सल्हारा मोहल्ला में मंगलवार तड़के करीब तीन बजे एक सब्जी विक्रेता ने अपने घर में आग लगा दी। आग से कमरे में सो रही उसकी पत्नी और तीन साल की बेटी जिंदा जल गईं, जबकि दो साल की एक बेटी गंभीर रूप से झुलस गई, उसे पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पुरानी सब्जी मंडी पुलिस ने आरोपी के ससुर की शिकायत पर सब्जी विक्रेता, उसकी बहन और जीजा पर हत्या का केस दर्ज किया है। उधर, जब पुलिस ने आरोपी का सुराग लगाकर पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पत्थरबाजी की लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अपने घर में आग लगाने के बाद परिजनों को सूचना देकर दीवार फांदकर भाग गया। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। सूचना पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। वहीं, पुलिस और एफएसएल की इंचार्ज डॉ. सरोज दहिया मलिक मौके पर पहुंचीं और जरूरी तथ्य जुटाए। इसके बाद शवों को पीजीआई के शवगृह भिजवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस को दी शिकायत में महेंद्र निवासी दोदवा जिला सोनीपत ने बताया कि उनकी बड़ी लड़की मंजू की शादी डेयरी मोहल्ला निवासी राजेश के साथ हुई थी। शादी के सात साल बाद भी राजेश अक्सर मंजू को परेशान और मारपीट करता था। मंगलवार अलसुबह सूचना मिली कि राजेश के कमरे में आग लग गई है।
जब वह परिवार सहित पहुंचे तो देखा उनकी बेटी मंजू, तीन साल की भारती की झुलसने से मौत हो चुकी है, जबकि दो वर्षीय राधिका का पीजीआई में उपचार चल रहा है। महेंद्र का आरोप है कि उसकी बेटी व दोहती को राजेश ने जलाकर हत्या की है। इस प्रकरण में राजेश की बहन और जीजा भी शामिल हैं।
आसपास ही छिपा बैठा था आरोपी
एएसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि वह एचसी अनिल, वीरेंद्र व चालक सिपाही सुनील कुमार के साथ गश्त पर शिव मंदिर के पास मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक आदमी घर में आग लगाकर फरार हो गया है। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान एक व्यक्ति बूस्टर के पास से आता दिखाई दिया, जब उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पत्थर उठाया और चेतावनी दी कि वह परिवार को जलाकर आया है, तुम्हें भी जान से मार दूंगा।
इसके बाद उसने पत्थर से पीसीआर का शीशा तोड़ दिया। जब उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह एक दीवार कूद गया, जिससे उसे चोट भी लगी। इसके बाद उसे काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने, पुलिस पार्टी पर हमला करने, धमकी देने सहित अन्य धाराओं में भी केस दर्ज किया है।
मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे मकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर परिजनों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि परिवार करीब 9 साल से सल्हारा मोहल्ला में रहता है। राजेश सब्जी विक्रेता है, लेकिन पिछले छह दिन से मानसिक परेशान चल रहा था, इस कारण वह सब्जी बेचने नहीं जा रहा था। सोमवार रात करीब 11 बजे परिवार सो गया था। मंगलवार तड़के तीन बजे राजेश साथ लगते जीजा के कमरे में गया और आग लगाने की बात कही और दीवार फांदकर भाग गया। आग से मंजू व भारती जिंदा जल गए। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आग लगाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। - कुलदीप सिंह, पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी।