Bathinda News: बठिंडा में लुटेरे बेखौफ, किराना व्यापारी से 70 तो शराब ठेके से लूटी 30 हजार की नकदी
पंजाब के बठिंडा जिले में बेखौफ लुटेरों ने दो स्थानों पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया हैं। वहीं आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के बठिंडा में लुटेरे बेखौफ हैं। सोमवार को यहां दो जगह लूट की वारदातों कों लुटेरों ने अंजाम दिया। सोमवार देर शाम को तलवंडी साबो में एक किराना व्यापारी से मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लोगों ने 70 हजार रुपये की लूट की। अज्ञात लुटेरे व्यापारी से नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी के बयान लेकर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल अभी तक लुटेरों के बारे में कुछ पता चल पाया है। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
जानकारी के अनुसार तलवंडी साबो निवासी गुरचरण सिंह ने बताया कि वह किराना की दुकान करता है। सोमवार देर शाम को वह अपनी दुकान बंद कर घर जा रहा था। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास पहुंचे और उसका पैसे वाला बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बैग में 70 हजार रुपये नकद थे।
तलवंडी साबो पुलिस ने अज्ञात लोगों पर मामला दर्जकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि बीती 31 दिसंबर को आदर्श नगर पर स्थित पेट्रोल पंप संचालक को अज्ञात लोगों ने घायल कर 20 हजार रुपये नकद लूट लिए थे। इस संबंध में पीड़ित ब्रजेश कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह अपना काम खत्म कर साइकिल से घर जा रहा था। इसी बीच एनएफएल चौक में अज्ञात लोगों ने उसके सिर पर लोहे की पाइप से हमला कर 20 हजार रुपये की रकम लूट ली थी जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
ठेके में घुस सेल्समैन पर हमला, 30 हजार रुपये व शराब लूटी
भट्टी रोड पर स्थित शराब ठेके में कार सवार चार लुटेरे घुसे और सेल्समैन दलबीर सिंह पर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। ठेके के गल्ले में पड़ी करीब 30 हजार रुपये की नकदी और शराब लूट ली। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वहीं घायल सेल्समैन को समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने एंबुलेंस से तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। घायल सेल्समैन के बयान दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर करीब 11 बजे स्थानीय भट्टी रोड पर स्थित एक शराब के ठेके में चार हथियारबंद कार सवार लुटेरे घुसे। उन्होंने ठेके के सेल्समैन पर रॉड से जानलेवा हमला किया और 30 हजार रुपये की नकदी व शराब लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही सोसायटी के वालंटियर मौके पर पहुंचे और गोनियाना मंडी निवासी घायल दलबीर सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया।
घायल ने बताया कि हमलावर कार पर आए थे। एक के पास खिलौना रिवाल्वर भी थी। बाकी के हाथ में लोहे की रॉड और डंडे थे। उन्होंने ठेके के अंदर घुसते ही सिर पर लोहे की रॉड से हमलाकर उसे घायल कर दिया और वह लहूलुहान होकर गिर गया। इसके बाद लुटेरों ने गल्ले में पड़ी करीब 30 हजार रुपये की नकदी व कुछ शराब की बोतलें लूट लीं। मामले की जांच कर रही थाना सिविल लाइन पुलिस का कहना है कि घायल व्यक्ति के बयान दर्ज कर लिए हैं और लुटेरों की तलाश की जा रही है।