दूसरे पति संग मिलकर चार साल के बेटे का कत्ल
कलयुगी मां ने दूसरे पति के साथ मिलकर अपने ही चार साल के बेटे का कत्ल कर दिया। वारदात पंजाब के जालंधर की है। गांव आदमपुर में मां ने चार साल के जिगर के टुकड़े को बेरहमी से न केवल पीटा बल्कि उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को खुर्दपुर नहर की पुली के निकट झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस को दोनों पति पत्नी ने यह कहकर गुमराह किया कि उनका चार साल का बच्चा गुम हो गया है लेकिन शव के झाड़ियों में मिलने के बाद हत्याकांड का सनसनीखेज सच सामने आ गया और पति पत्नी दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ मकान मालिक की शिकायत पर कत्ल का केस दर्ज कर लिया गया है।
एसएसपी देहाती हरमोहन संधू ने बताया कि वीरवार आदमपुर थाना में मोहमद अकबर अली शेख निवासी आसाम व उसकी पत्नी खालिदा बीवी आदमपुर के निकट खुर्दपुर में केवल सिंह के मकान में किराए पर रहते थे।
दोनों ने शिकायत की थी कि उनका चार साल बच्चा साइफल घर से खेलने के लिए निकला लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी और इस दौरान शुक्रवार को साइफल का शव खुर्दपुर नहर के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला।
सख्ती से पूछताछ में हुआ वारदात का खुलासा
पुलिस ने जांच तेजी की और पूछताछ के लिए जब मोहम्द अकबर अली व खालिदा बीवी को बुलाया तो पता चला कि दोनों गायब हैं। दोनों को पुलिस ने आदमपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया और उनसे लाकर सख्ती से पूछताछ की तो चार साल के साइफल की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ। एसएसपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि खालिदा बीवी ने मोहम्द अकबर अली से दूसरी शादी रचाई थी।
साइफल उसके पहले पति की औलाद है लेकिन वह साइफल को साथ ही दूसरे पति के पास ले आई थी। यहां पर मोहम्मद अली अकबर व खालिदा बीवी साइफल को बुरी तरह से पीटते थे क्योंकि मोहम्द अली साइफल को अपने पास नहीं रखना चाहता था। वीरवार को साइफल की बुरी तरह से पिटाई की गई और वह डरा सहमा हुआ छत पर चढ़ गया। दोनों उसके पीछे छत पर चढ़े तो वह जमीन पर गिर गया और उसको चोट लग गई। दोनों ने उसका गला दबा दिया और मौत के घाट उतार दिया।
बाद में उसको ले जाकर नहर की पुली के निकट झाड़ियों में फेंक दिया और पुलिस को उलटा कहानी सुना दी कि साइफल खेलने गया था और गुम हो गया है। पुलिस ने मकान मालिक केवल सिंह के बयान कलमबद्ध कर आरोपियों के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।