प्रेमी जोड़े को परिजनों ने हाईकोर्ट परिसर से किया अगवा, बवाल
हाईकोर्ट परिसर में उस समय अफरातफरी मच गई जब बम धमाके की धमकी को लेकर कड़ी सुरक्षा के बावजूद परिसर से परिजनों ने प्रेमी जोड़े को अगवा कर लिया। मामला पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट परिसर का है।
दरअसल कुछ दिन पूर्व मिले बम धमाके की धमकी के बाद पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की सुरक्षा के दावे की पोल शुक्रवार को खुल गई। घर से भागकर आई एक युवती और उसके प्रेमी को युवती के परिजनों अगवा कर लिया गया।
घटनाक्रम के मुताबिक हरियाणा के अंबाला की एक युवती व उसके प्रेमी को सुरक्षा का मामला हाईकोर्ट पहुंचा था। दोनों एक ही गोत्र के हैं। युवती ने अगवा होने की आशंका जाहिर की थी। इस पर जस्टिस आरपी नागरथ ने एसपी अंबाला को उसे ढूंढने का निर्देश दिया।
युवती के प्रेमी का अपहरण कर सुखना झील के पास पिटाई
इसी बीच बेंच को बताया गया कि युवती के गांव से बड़ी संख्या में आए लोग उसे और उसके प्रेमी को कोर्ट परिसर से अगवा कर अपने साथ ले गए थे, लेकिन हाईकोर्ट में तैनात एएसआई राम लुभाया ने उनका पीछा कर युवती को छुड़वा लिया है।
उधर, घटना के बीच कोर्ट रूम के बाहर बिना एंट्री पास के दर्जनों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इस वाकये पर हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए चंडीगढ़ के एसपी सुरक्षा से जवाब मांगा है।
प्रेमी को घायल कर छोड़ा: इसी दौरान पता चला कि युवती का प्रेमी घायल अवस्था में सुखना झील के पास पड़ा है। कुछ लोगों ने अपहरण कर उसकी पिटाई की थी। मारपीट करने वाले लोग बाद में उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए थे। बेंच ने पुलिस को निर्देश दिया है कि प्रेमी युवक और युवती को सात सितंबर तक सुरक्षा दी जाए। साथ ही उन्हें किसी सुरक्षित स्थान पर रखा जाए।