शराब के नशे में बड़ी वारदात: दो भाइयों ने सोटा से बड़े भाई व भाभी पर किया हमला, कमरे में बंद किया, उपचार नहीं मिलने पर मौत
पुलिस ने मृतक की माता की शिकायत पर सुरेश व रोहताश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के भिवानी के तोशाम क्षेत्र के गांव गारनपुरा खुर्द में बुधवार को देर रात तीन सगे भाइयों में शराब पीकर हुए विवाद में दो भाइयों ने अपने बड़े भाई और भाभी के सिर में चटनी बनाने वाला सोटा मारकर हत्या कर दी। दोनों भाइयों ने अपने बड़े भाई और भाभी पर हमला करने के बाद एक कमरे में बंद कर दिया, जिस कारण उन्हें कोई उपचार के लिए नहीं ले जा सका और कमरे में ही दोनों की मौत हो गई।
मृतक की मां ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत पर दोनों आरोपी छोटे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिवानी पहुंचाया। वारदात के बाद दोनों भाई मौके से भाग गए थे।
गारनपुरा खुर्द गांव में तीन भाइयों राजेंद्र, सुरेश व रोहताश के बीच बुधवार देर रात शराब के नशे में विवाद हो गया। गारनपुरा निवासी महिला मरमण के तीन लड़के क्रमश: राजेंद्र, सुरेश व सबसे छोटा रोहताश है। महिला ने शिकायत में बताया कि बड़ा लड़का राजेंद्र शादीशुदा था। सुरेश व रोहताश अविवाहित हैं। महिला ने बताया कि राजेंद्र व उसकी पत्नी काजल अलग मकान में रहते थे।
वहीं रोहताश व सुरेश हमारे साथ रहते हैं। बुधवार को राजेंद्र व रोहताश भात में गए थे। रात्रि के समय दोनों शादी से घर लौट आए थे। दोनों शराब के नशे में थे। इस दौरान रोहताश व राजेंद्र की आपस में कहासुनी हो गई। सुरेश व रोहताश दोनों भाइयों ने मिलकर बड़े भाई राजेंद्र व भाभी काजल के हाथ बांधकर चटनी वाले सोटे से सिर में चोट मारी।
चोट मारने के बाद राजेंद्र व काजल को सुरेश व रोहताश ने कमरे में बंद कर दिया। मरमण ने पुलिस को बताया कि उसने बचाओ-बचाओ का शोर किया। काजल व राजेंद्र के सिर व मुंह से काफी खून निकल रहा था। झगड़े का शोर सुनकर पड़ोसी आ गए। महिला ने बताया कि तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सिर मे लगी चोटों के कारण पुत्रवधू काजल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजेंद्र ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक राजेंद्र की मां की शिकायत पर सुरेश व रोहतास के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बीचबचाव करने आई काजल को भी मारा
सुरेश व रोहतास जब राजेंद्र के साथ झगड़ा व गाली-गलौज कर रहे थे तो काजल ने बीचबचाव किया। काजल ने ऐसा करने से मना किया तो दोनों ने काजल पर हमला कर दिया व सोटे से काजल के सिर पर कई वार किए। इससे काजल की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि सुरेश और रोहताश दोनों हर रोज शराब पीने के आदी हैं और शराब पीकर झगड़ा करते थे।
तीनों भाइयों का आपस में झगड़ा हो गया था, जिसमें राजेंद्र व उसकी पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की माता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जल्द दोनों आरोपी भाइयों को पकड़ लिया जाएगा। -सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी तोशाम।