चंडीगढ़ में युवती से छेड़छाड़: कॉलेज के बाहर पिता का कर रही थी इंतजार, डीएसपी का बेटा और दोस्त गिरफ्तार
17 अप्रैल को भी इसी कॉलेज के बाहर तीन युवकों ने दो छात्रों के साथ छेड़छाड़ की थी। इस दौरान युवतियों ने आरोपियों का वीडियो बनाकर पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ के सेक्टर-36 स्थित एक कॉलेज के बाहर पिता के आने का इंतजार कर रही छात्रा के साथ कार सवार डीएसपी के बेटे और उसके दोस्त ने छेड़छाड़ की। छात्रा की शिकायत पर सेक्टर-36 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर गाड़ी को भी कब्जे में ले ली है। आरोपियों की पहचान सेक्टर-41 निवासी सिमरनप्रीत सिंह और सेक्टर-41 स्थित बुटरेला निवासी अमनदीप सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया सिमरनप्रीत सिंह की मां सीआरपीएफ में डीएसपी हैं। उनके बेटे की पांच दिन पहले ही शादी हुई है। पिछले वर्ष ही सिमरनप्रीत ऑस्ट्रेलिया से पढ़ाई पूरी कर आया है। बता दें कि 17 अप्रैल को भी इसी कॉलेज के बाहर तीन युवकों ने दो छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की थी। युवतियों ने आरोपियों की वीडियो बनाकर पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
पीसीआर ने कार का किया पीछा
सेक्टर-36 थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि मोहाली निवासी युवती कॉलेज की छात्रा है। सोमवार को छुट्टी के बाद घर जाने के लिए वह कॉलेज के बाहर खड़ी होकर पिता के इंतजार कर रही थी। इस दौरान आई-20 कार सवार दो युवक आए और उसके साथ छेड़खानी करने लगे। युवती से बार-बार मोबाइल नंबर मांगने लगे। पीड़ित छात्रा ने पहले इसे अनदेखा किया लेकिन युवक हरकतों से बाज नहीं आए।
वह युवती के पास गाड़ी रोककर तेज आवाज में म्यूजिक चलाकर हंसने लगे। इस दौरान गश्त करती हुई कॉलेज के बाहर पीसीआर पहुंच गई। छात्रा ने पुलिसकर्मी को कहा- अंकल ये लड़के मुझे छेड़ रहे हैं। पीसीआर को देख युवकों ने गाड़ी दौड़ा ली। पीसीआर ने गाड़ी का पीछा किया और नंबर कंट्रोल रूम के जरिए फ्लैश करवाया लेकिन वह मौके से फरार हो गए। कॉलेज के पास नाका लगाकर खड़े पुलिसकर्मी भी मौके पर आ गए। नाके पर तैनात पुलिस को लगा शायद कार सवारों ने चालान से बचने के लिए गाड़ी दौड़ाई है। इसके बाद पीड़ित छात्रा ने पुलिस को लिखित में शिकायत दी। युवती ने भी गाड़ी का नंबर नोट कर लिया था।
आरोपी ऑस्ट्रेलिया के लिए पीआर की कर रहा था तैयारी
सिमनरप्रीत ने ऑस्ट्रेलिया में सॉफ्टवेयर टेक्निकल डिप्लोमा किया था। वह ऑस्ट्रेलिया में पीआर के लिए तैयारी कर रहा था। वर्तमान में आरोपी मोहाली में किसी वकील के साथ क्लर्क की नौकरी कर रहा है। जबकि अमनदीप सिंह कनाडा जाने के लिए आईईएलटीएस कर रहा था। सिमरनप्रीत गाड़ी चला रहा था और अमनप्रीत साथ बैठा था।
गाड़ी नंबर से मालिक तक पहुंची पुलिस
प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि गाड़ी नंबर के जरिए पुलिस ने मालिक का पता लगाया। इसके बाद पुलिस को गाड़ी के मालिक का मोबाइल नंबर मिला। पुलिस ने कॉल कर बताया कि युवकों ने छेड़छाड़ की है। दोनों को थाने में पेश करें। इसके बाद परिजनों ने दोनों युवकों को थाने में पुलिस के समक्ष पेश किया।