गैंगस्टर मर्डर: 4 पुलिसकर्मी निलंबित, 2 ASI बर्खास्त
पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के कत्ल के मामले में सुरक्षा लापरवाही को जिम्मेदार माना है। इस मामले में दो एएसआई बर्खास्त कर दिए गए हैं जबकि चार अन्य पुलिस वालों को निलंबित किया गया है।
इन चारों को भी बर्खास्त करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, एसएसपी कपूरथला और एसपी फगवाड़ा का तबादला कर दिया गया है। गत बुधवार अदालत में पेशी के बाद जालंधर से नाभा ले जाते वक्त रास्ते में पुलिस हिरासत में सुक्खा की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आईजी जोनल पटियाला पीएस गिल की रिपोर्ट के आधार पर उसे एस्कॉर्ट कर रही पुलिस पार्टी के इंचार्ज दो एएसआई को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।
विभागीय जांच के आदेश
पार्टी में शामिल चार अन्यों को निलंबित करके उनके खिलाफ बर्खास्तगी के लिए विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं, उप मुख्यमंत्री ने वीरवार को कपूरथला की एसएसपी धनप्रीत कौर और फगवाड़ा के एसपी गुरसेवक सिंह के तुरंत प्रभाव से तबादलों के आदेश जारी किए हैं। उनकी जगह आईपीएस अधिकारी आशीष चौधरी को कपूरथला का एसएसपी जबकि राजेश्वर सिंह सिद्धू को फगवाड़ा का एसपी तैनात किया गया है।
हमलावरों की हुई पहचान
आईजी जालंधर जोन निजी तौर पर इस मामले की जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार इस कत्ल के मुख्य हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस पार्टियां रवाना कर दी गई हैं।
प्राथमिक जांच के दौरान यह पता लग रहा है कि सुक्खा काहलवां पर यह हमला एक विरोधी गैंग के सदस्यों ने किया था। मुख्य हमलावरों का पुराना पुलिस रिकॉर्ड है और वह जमानत/पैरोल पर आने के बाद भगोड़े हो गए थे।