अमृतसर: गैंगस्टर राणा कंधोवालिया ने तोड़ा दम, तिहाड़ जेल में बंद जग्गू भगवानपुरिया ने ली हमले की जिम्मेदारी
अमृतसर में इलाज के दौरान गैंगस्टर राणा कंधोवालिया ने दम तोड़ दिया। मंगलवार को अमृतसर के केडी अस्पताल में उस पर गोलियां बरसाई गईं थीं। इस हमले में राणा के अलावा दो अन्य लोग भी घायल हुए थे। जिनका इलाज अलग-अलग अस्पताल में चल रहा है। उधर, इस हमले की जिम्मेदारी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से ली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गैंगस्टर रणदीप सिंह कंधोवालिया उर्फ राणा कंधोवालिया ने बुधवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बीती रात अज्ञात युवकों ने मजीठा रोड स्थित केडी अस्पताल में कंधोवालिया पर गोलियां बरर्साइं थीं, जिसमें कंधोवालिया, उसका एक साथी तथा अस्पताल का एक सिक्योरिटी गार्ड जख्मी हो गया था।
पुलिस ने अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज से दो हमलावर युवकों की पहचान की है। एडीसीपी (डिटेक्टिव) मुखविंदर सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें कई जिलों में तलाश में जुटी हैं। इस बीच, दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने फेसबुक पोस्ट के जरिये राणा कंधोवालिया पर हमले की जिम्मेदारी ली है।
बुधवार को पुलिस की टीम राणा कंधोवालिया का शव लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंची। जहां भारी सुरक्षा के बीच शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कंधोवालिया के पिता सत्यावर रंजीत सिंह के बयान के आधार पर कुछ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। केडी अस्पताल के एमडी डॉ. केडी अरोड़ा ने बताया कि कंधोवालिया के जख्मी साथी तेजवीर सिंह तेजा को अमनदीप अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, जबकि हमले में जख्मी अस्पताल के गार्ड अरुण कुमार का यहीं इलाज चल रहा है।
दो युवकों की तस्वीरें आईं सामनें
इस मामले में दो युवकों की तस्वीरें सामने आईं हैं। इनके जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया के गुर्गे होने की बात कही जा रही है। इस बीच, वारदात के बाद तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर हमले की जिम्मेदारी ली है और बाकी दुश्मनों को भी चेतावनी दी है।
पोस्ट में कहा गया है कि यह कत्ल उसके वीर मनदीप तूफान बटाले वाले ने किया है। इसलिए कि राणा कंधोवालिया दविंदर बंबीहा ग्रुप का साथ देता था। तरनतारन वाले कांड में दविंदर बंबीहा के कहने पर कंधोवालिया ने उसके भाई को अगवा करने में मदद की थी। सोशल मीडिया पर पोस्ट डाले जाने के बाद अमृतसर पुलिस ने जग्गू भगवानपुरिया को ट्रांजिट रिमांड पर लाने की तैयारी कर ली है।
फेसबुक पोस्ट में क्या लिखा है
कंधोवालिया की हत्या की जिम्मेदारी लेने के साथ ही जग्गू भगवानपुरिया ने अपनी फेसबुक पोस्ट में चेतावनी दी है कि कोई उसके खिलाफ न चले। जिन्हें वहम था कि हमारे साथ दुश्मनी करके जीवित रहेंगे, वह उनका भुलेखा था। इन्होंने हमारे भाई गुरलाल बरार को बिना किसी बात के मारकर गलत किया था। अब कोई माफी नहीं। बाकी आज हमने सभी की गलतफहमियां निकाल दी हैं। सभी को पता है कि हमारे टारगेट पर और कौन-कौन हैं? सो वे भी तैयार रहें। कुछ भी हो सकता है। वक्त का इंतजार है, हिसाब सभी का होगा।
सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने के बाद दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया, उसके गुर्गे जगरोशन सिंह हंदल, मनप्रीत सिंह उर्फ मनी रइया के अलावा दो अज्ञात हमलावरों पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। सूचना है कि हत्यारे अभी शहर में ही छिपे हैं। उम्मीद है कि बहुत जल्द आरोपी गिरफ्त में होंगे। - सरबजीत सिंह बाजवा, एसीपी अमृतसर, जांच अधिकारी।
रणदीप सिंह नामक व्यक्ति का शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि गोलियां मृतक के शरीर से आर-पार हो गई थीं। फॉरेंसिक विशेषज्ञों को उसके शरीर से कोई गोली नहीं मिली है। - डॉ. चंदर मोहन, सीनियर मेडिकल अधिकारी, सिविल अस्पताल, अमृतसर।