लड़की के लिए भिड़े पुलिसवाले, एक की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर के सेक्टर-68/69 लाइट प्वाइंट पर सोमवार देर रात शराब के नशे में धुत दो दोस्त पुलिस मुलाजिमों में हुए झगड़े में एक पुलिसकर्मी के भाई की मौत हो गई जबकि दोनों पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। बताया जाता है कि झगड़ा एक लड़की को लेकर हुआ था।
झगड़ा होने पर एक पुलिसकर्मियों ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने तेजधार हथियारों से पुलिसकर्मी पर हमला किया। इसी समय बचाव के लिए आए एक पुलिसकर्मी के भाई पर भी किरच से हमला कर दिया गया। किरच लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में आरोपी पुलिस मुलाजिम भी घायल हो गया।
उसे गंभीर हालत फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी अमृतपाल सिंह, उसके पिता रछपाल सिंह और हवलदार मोहन लाल के अलावा तीन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इकट्ठे शराब पी और फोन पर उलझ पड़े
फेज-8 पुलिस कांप्लेक्स स्थित मोहन लाल के घर पर सोमवार देर रात अमृतपाल सिंह और उनका मित्र हरिंदरजीत सिंह पहुंचे। तीनों इक्ट्ठे शराब पी। खाना लाने के लिए अमृतपाल ने हरिंदरजीत सिंह को फेज-9 स्थित ढाबे भेजा।
इसी बीच फोन पर अमृतपाल और हरिंदरजीत सिंह की किसी मुद्दे को लेकर बहस हो गई। अमृतपाल सिंह साथी मोहन लाल और तीन अन्य अज्ञात लोगों को लेकर उसी ढाबे पर पहुंच गया, जहां हरिंदरजीत सिंह रोटी लेने गया था। उन्होंने हरिंदरजीत सिंह को पीटना शुरू कर दिया। तभी हरिंदरजीत ने छोटे भाई मनिंदरजीत सिंह उर्फ सोनू को बुला लिया।
जैसे ही वे सेक्टर 68/69 के लाइट प्वाइंट पर पहुंचे, तो दोनों पक्ष फिर उलझ गए। अमृतपाल और उसके साथियों ने हरिंदरजीत पर हमला कर दिया। तेजधार वाले हथियारों से हरिंदरजीत के बाजू और उंगलियों में गंभीर चोटें आईं। जैसे ही मनजिंदर भाई को बचाने लगा, तो अमृतपाल ने मनजिंदर सिंह पर किरच से हमला कर दिया।
दो बार उसकी छाती और एक पेट में वार किया गया। मनजिंदर को तुरंद फोर्टिस ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनजिंदर को मृत घोषित कर दिया। हमले में अमृतपाल को गहरी चोटें आईं हैं। उसका पुलिस पहरे में इलाज चल रहा है।
वर्षों पुरानी दोस्ती में लड़की को लेकर विवाद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक विवाद एक लड़की को लेकर शुरू हुआ था। दोनों एक ही लड़की को पसंद करते थे। लड़की भी पुलिस मुलाजिम है।
हरजिंदरजीत और अमृतपाल पुराने मित्र थे। हरजिंदर थाना फेज-8 में जबकि अमृतपाल सेक्टर-9 चंडीगढ़ स्थित पंजाब पुलिस हेडक्वार्टर में तैनात थे। अन्य दो आरोपियों में अमृतपाल के पिता रछपाल सिंह गवर्नमेंट स्कूल से रिटायर टीचर हैं जबकि मोहन लाल खरड़ में हेड कांस्टेबल है।
मृतक मनजिंदर एक उभरता पंजाबी सिंगर था। इसके अलावा क्रिकेट खिलाड़ी भी था। जल्द ही उसकी एक एलबम बाजार में आने वाली थी। इन दिनों वह प्रोजेक्ट को पूरा करने में लगा था।
घर से निकला ही था कि हमला हो गया
उधर, अमृतपाल के घरवालों का कहना है कि अमृतपाल सोमवार रात को घर पर था। रात साढ़े 12 बजे जैसे ही उसके मोबाइल पर फोन आया। वह घर से बाहर निकला। इसी दौरान हरिंदरजीत और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया।
उन्होंने खुद पीसीआर को फोन कर उसे अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने घर के बाहर पड़े खून के छींटे दिखाए। उन्होंने कहा कि हरिंदरजीत सिंह किसी बड़े पुलिस अधिकारी का गनमैन है। मृतक के पिता गुरदयाल सिंह भी पुलिस मुलाजिम हैं और फेस-8 स्थित पुलिस कालोनी में रहते हैं।
डीएसपी सिटी-2 नवरीत सिंह विर्क ने बताया कि अमृतपाल सिंह, मोहन लाल और रछपाल सिंह ब कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हरिंदरजीत सिंह के बयानों के आधार पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। मामले में रछपाल की भूमिका की जांच जारी है।