नहरी पानी को लेकर हुआ विवाद, लाठी-डंडा और गंडासी मारकर किसान की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नहरी पानी को लेकर हुए विवाद में बधाना निवासी एक व्यक्ति की लाठी, डंडों व गंडासी से हमला कर हत्या कर दी गई। व्यक्ति कुचराना-बधाना माइनर से शुक्रवार रात को बरसीम में पानी लगाने के लिए गया था। जब उसके खेत में पानी नहीं पहुंचा तो वह पीछे माइनर की तरफ पानी नहीं आने के कारण का पता लगाने के लिए गया।
इसी दौरान कुचराना के कई युवकों ने उस पर लाठी, डंडों व गंडासी से हमला कर दिया। इसमें कुलदीप की मौत हो गई। पुलिस ने चार लोगों को नामजद करके पांच-छह अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक कुलदीप के बड़े भाई सेवा सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात को उसका भाई कुलदीप (42) और महिपाल बरसीम में पानी लगाने के लिए खेत पर गए थे। जब उन्होंने अपनी बरसीम में पानी लगाना चाहा तो पानी पीछे से आना बंद हो गया। इस पर भाई कुलदीप पीछे कुचराना की तरफ पानी नहीं आने का पता लगाने के लिए गया तो कुचराना निवासी जोरा सिंह के खेत का हिस्सेदार पानी को रोककर अपने खेत की सिंचाई कर रहा था।
पानी रोकने को लेकर कुलदीप की उससे कहासुनी हो गई। भाई कुलदीप वापस अपने खेत में आ गया। इसी दौरान कुचराना कलां निवासी जोरा सिंह, अजय, जोरा सिंह का लड़का व मनदीप तथा पांच-छह अन्य पिकअप गाड़ी और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए और कुलदीप व महिपाल पर लाठी, डंडों व गंडासी से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए।
बचाव में शोर मचाने पर खेत के आसपास के अन्य लोग आने लगे तो हमलावर फरार हो गए। कुलदीप को नागरिक अस्पताल में लाया गया, यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने जोरा सिंह, अजय, जोरा सिंह के बेटे व मनदीप को नामजद करते हुए पांच-छह अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अलेवा थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि बधाना गांव में खेतों में नहरी पानी को लेकर हुए विवाद में बधाना गांव निवासी कुलदीप की मौत हो गई। कुचराना कलां गांव के चार लोगों को नामजद व पांच-छह अन्य पर तेजधार हथियार से हमला कर कुलदीप की हत्या करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। घटना को अंजाम देने वालों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।