प्रेमिका से संबंध के शक में दुश्मनी में बदली दोस्ती, दोस्त का बहाया खून
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीनों दोस्त एक दूसरे पर जान देते थे। एक को नाबालिग युवती से प्यार हो गया। यही प्यार उनकी दोस्ती में दरार डाल गया और दोस्ती दुश्मनी में बदल गई। पंचकूला में नाबालिग प्रेमिका से अवैध संबंध के शक में चाकू से गोदकर दोस्त ने ही दोस्त की हत्या कर दी। मृतक की पहचान रोपड़ निवासी संजीव उर्फ सन्नी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवकों की पहचान पंकज और आमिर निवासी रोपड़ के रूप में हुई है।
आरोपी दोनों युवकों ने वारदात को अंजाम बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे चंडीगढ़-मोहाली रेल लाइन (केएम नंबर 1/4) के पास दिया। इसके बाद वह मौके पर भाग गए। पुलिस ने नाबालिग के बयान दर्ज कर दोनों युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार तीनों दोस्त पंकचूला स्थित एक शराब की फैक्टरी में काम करते थे। हल्लोमाजरा में किराए के मकान में नाबालिग समेत चारों साथ रहते थे। नाबालिग के कहने पर बुधवार को पंकज, सन्नी और आमिर तीनों दोस्त हल्लोमाजरा से युवती को छोड़ने रोपड़ जा रहे थे।
प्लानिंग के मुताबिक रेलवे स्टेशन के पास से आमिर ने सन्नी की गर्दन पर चाकू रखकर उसे रेलवे ट्रैक पर ले गया। यहां पंकज और आमिर ने मिलकर चाकू से सन्नी पर कई वार किए।
हालांकि नाबालिग ने सन्नी को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दोनों युवकों ने उसकी एक नहीं सुनीं। बयान के मुताबिक दोनों आरोपियों ने सन्नी के सिर और गर्दन पर चाकू से कई वार किए और पीठ को पूरी तरह से चीर दिया। जिससे सन्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
नाबालिग ने 100 नंबर पर दी वारदात की सूचना
हत्या से घबराई नाबालिग ने पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 100 फोन कर वारदात की सूचना दी। इसके बाद कंट्रोल रूम ने घटना की सूचना जीआरपी थाने को दी गई। जीआरपी ने घटनास्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पंचकूला सेक्टर-6 स्थित जनरल अस्पताल भेजा। जीआरपी ने नाबालिग के बयान पर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 201, 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो माह बाद होनी थी पंकज की शादी
जानकारी के मुताबिक रोपड़ निवासी पंकज की दो माह बाद शादी होनी थी। पंकज को रोपड़ निवासी एक नाबालिग से प्रेम प्रसंग चल रहा था। नाबालिग दो बार पहले भी घर से भागकर पंकज के पास आ चुकी थी। परिवार वालों ने नाबालिग को समझाने की कोशिश की, लेकिन नाबालिग ने कहा कि वह शादी पंकज से ही करेगी नहीं तो सुसाइड कर लेगी। सुसाइड के डर से परिवार वाले भी शादी करने के लिए राजी हो गए थे। परिवार वालों को कहना है कि नाबालिग करीब 21 दिन से हल्लोमाजरा में तीनों युवकों के साथ ही रहती थी।
उर्मिला, एसएचओ जीआरपी चंडीगढ़ ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचकूला अस्पताल में रखवा दिया। इस मामले में धारा 302, 201, 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।