वीडियोः खट्टर की रैली में खटपट, पुलिस-वर्कर्स में चले लात-घूसे
मुख्यमंत्री खट्टर की विकास रैली में पुलिस और बीजेपी वर्कर्स के बीच जमकर लात-घूंसे चले। रैली भिवानी में हो रही थी। मंच पर सांसद धर्मवीर संबोधन कर रहे थे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता हूटिंग करने लगें। सुरक्षाकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को शांत करवाने के प्रयास किए, लेकिन एक युवक फिर भी नहीं माना। ऐसे में पुलिसवाले उसे सभा स्थल से बाहर ले गए और फटकारा।
इसके बाद जब वह मीडिया को घटनाक्रम की जानकारी देने लगा और इससे पुलिस ने उसे रोका तो उसने एक पुलिस अफसर पर ही हाथ उठा दिया। इससे तैश में आए पुलिसकर्मियों ने उसकी जमकर धुनाई कर डाली। पुलिस ने देर शाम आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया के सामने पुलिस पर मारपीट के लगाए आरोप
रैली के दौरान जब कुछ युवकों का शोर-शराबा कम नहीं हुआ तो पुलिस के जवान भीड़ में गए और उन्हें शांत कराया। इसी दौरान पुलिस ने पंडाल के भीतर एक युवक को भीड़ से निकाला और बाहर ले आई। इसके बावजूद वह काबू में नहीं आ रहा था तो पुलिस वालों ने उसे पीटा।
इस घटनाक्रम के बाद अपना नाम हरिओम तंवर और खुद को युवा भाजपा कार्यकारिणी सदस्य बताने वाले युवक ने मीडिया के सामने पुलिस पर बदतमीजी और मारपीट के आरोप लगाया। इसी दौरान युवक ने एक पुलिस अफसर पर हाथ उठा दिया। इससे तैश में आए पुलिसकर्मी उसे घसीटते हुए ले गए और पिटाई की। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस की हरकत पर भाजपा ने जताई नाराजगी
युवा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश गौड़ ने इस प्रकरण पर नाराजगी जताई। गौड़ ने कहा कि हरिओम तंवर कार्यकारिणी सदस्य तो नहीं है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता हैं। वे भीड़ को शांत करा रहे थे, लेकिन पुलिस ने ऐसा बर्ताव क्यों किया, इसका उन्हें नहीं पता।
युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट के आरोप समेत अन्य कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
-दिलबाग सिंह, अनाज मंडी, चौकी प्रभारी
यहां देखे वीडियो