पंजाब : दोस्तों से मिलकर मलोट जा रहा युवक हुआ लापता, घरवालों ने की तलाश तो कार में मिली लाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दोस्तों से मिलकर सोमवार की रात मलोट जा रहे 19 वर्षीय वारिस कालड़ा का शव मंगलवार की शाम मलोट रोड स्थित बंद पड़ी घी फैक्टरी के पास कार की पिछली सीट से बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और थाना नंबर एक की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के दोस्तों व परिजनों के बयान पर जांच शुरू कर दी। वहीं परिवार वालों ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई की है।
मृतक के पिता मलोट निवासी काली नरूला ने बताया कि सोमवार उसका दत्तक पुत्र वारिस अपनी मां को अबोहर दवा दिलवाने आया। उसकी मां दवा लेकर लौट गई और वारिस आनंद नगरी में अपने ननिहाल में रुक गया।
उन्होंने बताया कि रात्रि को वह अपने दोस्तों गिरीश व अनीश के साथ बाईपास पर स्थित आईस ब्लू होटल में खाना खाने गया और जिसके बाद उसके दोस्त उसे बाइक से जैन नगरी के निकट ग्रैंड होटल पर छोड़ गए, जहां उसकी गाड़ी खड़ी थी। वहां से वह उन्हें फोन आने की बात कहकर मलोट जाने को कहकर चला गया। लेकिन मलोट नहीं पहुंचा।
मृतक के पिता ने बताया कि देर रात तक जब वारिस घर नहीं पहुंचा तो उसने उसके दोस्तों को फोन कर पूछा तो उन्होंने बताया कि वारिस रात साढ़े 10 बजे ही कार लेकर मलोट के लिए रवाना हो गया था। इस पर देर रात से ही वारिस के परिजनों व ननिहाल वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। मंगलवार सुबह होते ही अबोहर से उसके दोस्त व ननिहाल वाले तलाश करते मलोट पहुंचे।
पिता ने बताया कि दोपहर बाद अबोहर की ओर आ रहे थे तो रास्ते में गांव बहावलवासी के निकट बंद पड़ी घी फैक्टरी के पास उसकी गाड़ी खड़ी मिली। वारिस पिछली सीट पर अचेत पड़ा था और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। उसे अबोहर के निजी अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना नंबर एक के प्रभारी तेजिंद्र सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया और परिजनों व दोस्तों के बयान दर्ज किया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्जकर जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
रात 11 बजे वारिस ने की थी लड़की से बात
करीब 11 बजे वारिस ने अबोहर के हनुमानगढ़ रोड निवासी एक लड़की से आखिरी बार बात की। शव मिलने से पूर्व ही पिता ने वारिस के दोस्तों से लड़की का मोबाइल नंबर लेकर उससे बातचीत की और घटना के बारे में बताया तो वह भी हैरान रह गई।
लड़की ने बताया कि सोमवार रात 11 बजे उससे वारिस की बात हुई थी। इसके बाद वह मलोट जाने का कहकर रवाना हो गया। वारिस से आखिरी बार बात करने वाली वह लड़की भी उनके घर अफसोस जताने पहुंची।
पठानकोट सड़क किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
उधर, पठानकोट के इंदिरा कालोनी के नजदीक सड़क किनारे मंगलवार की सुबह अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। थाना नंबर एक की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि इंदिरा कालोनी मोड़ पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है।
इस पर वह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक की आयु करीब 50 वर्ष के आसपास है। पहचान नहीं हो पाई है। पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। 72 घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।