'मौत के हाइवे' पर फिर बड़ा हादसा, 33 यात्रियों से भरी बस कैंटर और पिकअप से टक्कराई, दो की मौत
फ्लाईओवर पर सेक्टर 6 के सामने दिल्ली से हिमाचल जा रही बस को कैंटर ने टक्कर मार दी। बस को तकनीकी खामियों के कारण रोड के किनारे रोका गया था। कैंटर की टक्कर से बस दूसरी लेन में जाकर पिकअप से टकरा गई। हादसे में पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके अलावा कैंटर ड्राइवर व बस में सवार 10 लोग घायल हो गए। कैंटर चालक को घायल अवस्था में सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से उसे पीजीआई रेफर किया गया, जहां पर उसने भी दम तोड़ दिया। जिस समय यह दुर्घटना हुई बस में 33 यात्री सवार थे।
दुर्घटना में घायल कुछ युवकों को इलाज के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को पीजीआई रेफर किया गया है। अन्य कई घायलों ने सामान्य चोट के चलते अपना इलाज घर पहुंचकर करवाना ही बेहतर समझा। जानकारी के अनुसार उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस गुरुवार रात करीब 1 बजे दिल्ली से हिमाचल प्रदेश के विकास नगर जा रही थी।
जब बस फ्लाईओवर के ऊपर से सेक्टर 6 के पास पहुंची तो उसमें कुछ तकनीकी खराबी आने से ड्राइवर ने बस को साइड लगाकर रोक लिया। बाद में रास्ते पर पीछे से तेज गति से आ रहे एक कैंटर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस डिवाइडर पार कर दूसरी ओर से आने वाली पिकअप से जा टकराई।
हादसे में पिकअप चालक विकास निवासी गांव उलहाना, सोनीपत की मौत हो गई। वहीं कैंटर चालक की रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई, उसकी शनाख्त नहीं हो पाई है। दुर्घटना में बस ड्राइवर राजीव निवासी मुजफ्फरनगर व कंडक्टर ओमकार निवासी सहारनपुर को भी गंभीर चोटें आई हैं। इनके अलावा बस में बैठे करीब 10 यात्रियों को गहरी चोटें आई हैं।
सो रहे थे यात्री, अचानक लगा जोरदार झटका
बस सवार लोगों ने बताया कि वे दिल्ली से विकास नगर, हिमाचल के लिए बस में सवार हुए थे। रात होने की वजह से उन्हें नींद आ गई। इसके बाद अचानक से जोरदार झटका लगा। जोरदार झटका लगने की वजह से वे आगे वाली सीटों से जा टकराए। काफी देर तक कुछ समझ नहीं आया। इस झटके में आस-पास बैठे यात्रियों को काफी चोटें आईं। फिर बाहर से चींखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं।
नीचे उतर कर देखा तो उनकी बस और पिकअप के बीच टक्कर हो चुकी थी। बाद में पता चला कि उनकी बस को पीछे से आ रहे कैंटर ने टक्कर मारी थी। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। ज्यादा घायलों को बस से निकाल कर अस्पताल ले जाया जाने लगा। तब तक मौके पर पुलिस और एंबुलेंस भी आ चुकी थी।
दो सप्ताह भीतर तीन दर्दनाक हादसे
इस हाईवे पर पिछले 15 दिनों में तीन बड़े हादसे हो चुके हैं। एक हादसे में ट्रैक्टर से गार्डर गिरने से व्यवसायी और उनकी पत्नी की मौत हुई थी। दूसरे हादसे में एक अन्य व्यवसायी की कार दो ट्रकों के बीच फंस गई थी। दुर्घटना में व्यवसायी के साथ उनकी पत्नी, बेटी और बेटे की मौत हो गई थी। गुरुवार को यह तीसरा हादसा है, इसमें भी दो जानें गई हैं।
इस कारण हुआ हादसा
रात एक बजे बस चालक ने खराबी के कारण बस को रोड के किनारे रोक दिया था। अंधेरे में कैंटर चालक को बस दिखाई नहीं दी। बताया गया है कि उसने अचानक ब्रेक लगाने के प्रयास में एक्सीलेटर पर पैर रख दिया। कैंटर लगभग 100 की स्पीड में बस से टकराया। बस दूसरी लेन में जाकर पिकअप से टकरा गई। हादसे में पिकअप व कैंटर चालक की मौत हो गई।
कैंटर चालक की शनाख्त करने का प्रयास जारी : कुमार
कैंटर चालक की शनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। पिकअप चालक की शनाख्त हो गई है। उसके शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे का मुख्य कारण रोड पर खड़ी बस बताई गई है। मामले की गहन जांच चल रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। -सुमित कुमार, प्रभारी सेक्टर 6 पुलिस थाना।