दिल्ली के दो पुलिस वालों पर चंडीगढ़ में केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस को दो पुलिसकर्मियों पर चंडीगढ़ में केस दर्ज किया गया है। एक हेड कांस्टेबल है और दूसरा कांस्टेबल। मामला एक जमानती वारंट रद्द कराने के लिए रिश्वत लेने का है।
शिकायतकर्ता चंडीगढ़ के सात्विक गुलाटी हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों ने सात्विक गुलाटी के खिलाफ गैर जमानती वारंट रद्द करवाने के नाम पर रिश्वत ली थी। इस दौरान दोनों पुलिसकर्मी रिश्वत लेते हुए दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। सात्विक गुलाटी ने पुलिसकर्मियों के रिश्वत लेने की शिकायत दिल्ली स्थित सेंट्रल तीस हजारी कोर्ट के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट को दी।
कोर्ट ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद दिल्ली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच चंडीगढ़ के सेक्टर-19 थाना पुलिस को सौंप दी। चंडीगढ़ पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक टीम सीसीटीवी फुटेज के लिए दिल्ली भेजी गई है।
ये था पूरा मामला
मामले के अनुसार 7 अगस्त को दिल्ली दरियागंज थाने के हेड कांस्टेबल भगत राम और कांस्टेबल जसमेर सिंह सेक्टर-20 निवासी बिजनेसमैन सात्विक गुलाटी के गैर जमानती वारंट लेकर उन्हें गिरफ्तार करने आए थे। यह वारंट दिल्ली स्थित तीस हजारी कोर्ट ने अगस्त में एक सिविल केस में जारी किए थे।
वारंट लेकर दिल्ली पुलिस कर्मी चंडीगढ़ उनकी दुकान पर पहुंचे। वहां उन्होंने सात्विक के भाई से बातचीत की और गैर जमानती वारंट रद्द करवाने के बदले में रुपये मांगे। सात्विक के भाई ने दोनों को एक हजार रुपये और शराब की एक बोतल दी। इसके बाद दोनों वापस चले गए। इसके बाद सात्विक ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाली और तीस हजारी कोर्ट में पेश हुए।
उन्होंने अदालत में गैर जमानती वारंट रद्द करवाए और पुलिसकर्मियों के रिश्वत लेने की शिकायत की तथा रिश्वत लेते सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी दिखाई। इसके बाद कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को दोनों आरोपियों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला चंडीगढ़ पुलिस को सौंपने के आदेश दिए।