सीबीआई अफसर बता खरीदा सूट, बिना पैसे दिए फरार
सेक्टर-19 स्थित सदर बाजार में रविवार की शाम एक युवक ने खुद को सीबीआई इंस्पेक्टर बताकर कपड़ा व्यापारी से लेडिज सूट खरीद कर उसे आधे पैसे देकर दुकान से फरार हो गया। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर-19सी निवासी मोहिंदर सिंह का सदर बाजार में कपड़े की दुकान है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम एक युवक लड़की के साथ उनकी शॉप नंबर-254 में आया। दोनों ने अपने-अपने साइज के कई कपड़े चेक किए। युवती को एक सूट पसंद आया और उन्होंने उसे पैक करवा लिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, सूट की कीमत 1400 रुपये थी। युवक ने उन्हें 750 रुपये देकर कहा कि बाकी बचे पैसे पास वाले एटीएम से निकालकर दे रहा है। इस दौरान उसने अपना मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि वह सीबीआई इंस्पेक्टर है। जल्द ही वह एटीएम से पैसे लेकर आ रहा है, लेकिन दोनों नहीं आए।
पुलिस को दी शिकायत तो फिर मिली धमकी
शिकायतकर्ता मोहिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी युवक ने उसके साथ फोन पर बदतमीजी की। आरोपी युवक ने उन्हें अपना मोबाइल नंबर-8882733338 दिया था।
देर तक इंतजार करने के बाद उन्होंने उस नंबर पर कॉल किया। आरोपी युवक ने उनके साथ फोन पर बदतमीजी से बात की। इसके अलावा उसने दस हजार रुपये वसूलने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने सेक्टर-19 थाने में शिकायत दर्ज करवाई तो उसकी दिन शाम को आरोपी युवक ने दूसरे नंबर से कॉल किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसने फिर धमकी दी।
आरोपी ने कहा कि शिकायत किसी भी थाने में दर्ज करवा लो, कोई कार्रवाई नहीं होगी। आरोपी ने फिर सीबीआई इंस्पेक्टर बताते हुए कहा कि भविष्य में भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।