कई सफेदपोशों को बेनकाब करेगा आतंकी तारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह का हत्यारा जगतार सिंह तारा पुलिस रिमांड के दौरान कई अहम खुलासे कर सकता है। तारा के रिमांड के दौरान पुलिस उससे रूलदा मर्डर केस से जुड़े हर पहलू पर गहनता से पूछताछ करेगी।
इसके साथ ही पंजाब पुलिस ने अब खालिस्तान टाइगर फोर्स के कमांडर आतंकी जगतार सिंह उर्फ तारा के विदेशों में बैठे आकाओं पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। पुलिस तारा से रिमांड के दौरान खास तौर से उसके विदेशों में बैठे आकाओं के बारे में जानकारी जुटाएगी।
इन्हीं आकाओं के जरिये तारा अब तक भारत में विभिन्न आतंकी गतिविधियों के लिए अपने साथियों को आर्थिक मदद भेजता रहा है। फिर चाहे वह पटियाला बम ब्लास्ट केस हो या फिर रूलदा मर्डर केस। इसके साथ ही तारा से भारत में उसके कहां-कहां कौन-कौन से साथी छिपे हैं, इसके बारे में भी पता लगाया जाएगा, जिससे तारा के पूरे नेटवर्क का सफाया किया जा सके।
अदालत ने तारा को 5 दिन के रिमांड पर भेजा
तारा पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के बाद पकड़ा गया था। जनवरी 2004 में वह दो अन्य आतंकियों के साथ चंडीगढ़ की बुडै़ल जेल से 110 फीट लंबी सुरंग खोदकर फरार हो गया था। पंजाब पुलिस की सूचना पर उसे थाइलैंड में गिरफ्तार किया गया। बृहस्पतिवार को पंजाब पुलिस थाइलैंड से तारा को लाई है।
इसके बाद शनिवार को तारा को कड़ी सुरक्षा के बीच पटियाला कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने राष्ट्रीय सिख संगत के प्रेसीडेंट रूलदा सिंह के मर्डर केस में पूछताछ के लिए कोर्ट से तारा की 14 दिन की पुलिस रिमांड मांगा।
ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास की अदालत ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आतंकी तारा को रूलदा मर्डर केस में पूछताछ के लिए पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
प्रोडक्शन वारंट पर ला सकते हैं बठिंडा
आतंकवादी जगतार सिंह तारा से बठिंडा पुलिस भी पूछताछ करेगी। पुलिस ने तारा को प्रोडक्शन वारंट पर बठिंडा लाने की तैयारी शुरू कर दी है।
एसएसपी बठिंडा इंदरमोहन सिंह भट्टी ने बताया कि तारा को प्रोडक्शन वारंट पर लाने के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया जाएगा। नवंबर 2014 को बठिंडा पुलिस ने तारा के एक साथी रमनदीप सिंह सन्नी को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया था।
हथियार चलाने, बम बनाने का एक्सपर्ट
पुलिस के मुताबिक तारा खतरनाक आतंकवादी है। साथ ही वह हथियार चलाने और बम बनाने का भी एक्सपर्ट है। रूलदा मर्डर केस के दोषियों जगमोहन सिंह उर्फ रिंकू, रमनदीप सिंह गोल्डी को तारा ने ही पाकिस्तान बुलाकर आधुनिक हथियार चलाने के साथ-साथ बम बनाने की पूरी ट्रेनिंग दी थी। राष्ट्रीय सिख संगत के प्रेसीडेंट रूलदा सिंह की हत्या के बाद तारा ने लैटर पैड पर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी।