गर्भ में बच्चा मरा, अस्पताल बोला, सोमवार को आना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सामान्य अस्पताल के डॉक्टर गरीब मरीजों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने से जरा भी नहीं कतरा रहे। गर्भ में बच्चे की मौत होने के कारण भेरियां गांव के ईंट-भट्ठे पर काम करने वाली महिला शनिवार को इलाज के लिए आई थी। महिला डॉक्टर ने गर्भवती महिला को यह कहकर घर भेज दिया कि इसका इलाज सोमवार को होगा।
चिकित्सकों की लापरवाही के चलते मृत बच्चे को कोख में लेकर घूम रही महिला की जान पर बन आई। वह जैसे-तैसे वापस भट्ठे पर पहुंची तो वहां बेहोश हो गई। भट्ठा मालिक ने अपनी गाड़ी से उसे दोबारा देर शाम सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया है।
महिला के पति रिंकू ने बताया है कि वे यूपी के रहने वाले हैं। उसकी पत्नी रजनी नौ माह की गर्भवती है और शनिवार सुबह उसको तकलीफ हो गई। सरकारी एंबुलेंस से उसे पीएचसी चौधरीवास में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालात को देखते हुए उसे हिसार सामान्य अस्पताल में रेफर कर दिया। आरोप है कि मौके पर ड्यूटी दे रही डॉक्टर ने उसका अल्ट्रासाउंड करवाया और बताया कि गर्भ में ही बच्चे की मौत हो चुकी है। रविवार को छुट्टी है, आप सोमवार को आना, तभी इलाज हो पाएगा।
महिला बेहोश होकर गिर पड़ी
परिजन महिला को लेकर प्राइवेट वाहन में वापस भेरियां भट्ठे पर पहुंचे। वहां जाते ही महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। मामले के बारे में भट्ठे के मुंशी बंसीलाल ने मालिक को बताया। भट्ठा मालिक ने अपनी गाड़ी से उसे दोबारा सामान्य अस्पताल तक पहुंचाया और मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों और मीडिया में लाने की बात पर स्टाफ ने रजनी को दोबारा भर्ती कर लिया।
---
चौकी में भी देने पहुंचे शिकायत
मामले की शिकायत रजनी का पति और मुंशी बंसीलाल आजाद नगर चौकी में भी देने पहुंचे। आजाद नगर चौकी ने सिटी एरिया का मामला होने के चलते शिकायत लेने से इंकार कर दिया। उन्होंने उन्हें संबंधित चौकी में ही मामला दर्ज करवाने की बात कहकर वापस भेज दिया।
इलाज के लिए महिला आई थी, वह अपनी मर्जी से घर गई थी। महिला ने कहा कि वह घरवालों से पूछकर नहीं आई है। दो-तीन घंटे में दोबारा अस्पताल पहुंच जाएगी। हमने इलाज से मना नहीं किया।
-डॉ. पुष्पलता बिश्नोई, गायनोकॉलोजिस्ट जीएच
मामले के बारे में उन्होंने चौकी आकर बताया था। भट्ठे वालों ने शिकायत नहीं दी। वे किस चौकी का मामला बनता है की जानकारी लेकर, संबंधित चौकी में शिकायत देने की बात कहकर चले गए थे।
- प्रताप सिंह, एसआई चौकी आजाद नगर