ओयो के एरिया मैनेजर पानीपत में अगवा, आरोपी बोले- भाई अपहरण तै बचणा हो तै 50 हजार मंगा लै..
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पानीपत के सेक्टर-13, 17 में खाना लेने गए ओयो कंपनी के एरिया मैनेजर का चार बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर उसी की कार में अपहरण कर लिया और फिर उसके साथ मारपीट की। बदमाश गाड़ी में ही मैनेजर को चार घंटे तक घुमाते रहे और इस दौरान उसे लगातार पीटा गया। बदमाशों ने पीड़ित को अपने चंगुल से छोड़ने के लिए 50 हजार रुपये मांगे।
इसके साथ ही बदमाशों ने कहा कि अभी 50 हजार नहीं लाए तो उसका अपहरण कर लेंगे और फिर उसके पिता से तीन लाख रुपये की फिरौती लेंगे। बदमाशों ने मैनेजर को सड़क पर चार घंटे तक घुमाया। दो बार कार से उतारा और तीसरी बार प्लेड़ी गांव में फेंककर उसकी कार, नकदी और एटीएम कार्ड लूटकर फरार हो गए।
पुलिस को दी शिकायत में नमन विरमानी पुत्र विनोद विरमानी निवासी सेक्टर-6 ने बताया कि वह ओयो कंपनी में एरिया मैनेजर के रूप में कार्यरत है। सात जनवरी को सेक्टर 13-17 में स्थित मास्टर ढाबे पर खाना लेने के लिए गया था और कार होंडा अमेज के चारों दरवाजे खोल कर रखे थे। तभी चार युवक पैदल आए।
एक ने ड्राइवर सीट की ओर से आकर उसके मुंह में पिस्तौल डाल दी और दूसरे बदमाश बगल वाली सीट से आया और उसके सिर पर पर पिस्तौल तान दी। जिस पर उसने बराबर वाली सीट पर बैठे बदमाश को लात मारकर गिरा दिया। जिस पर ड्राइवर सीट से आए बदमाश ने उसके सिर पर पिस्तौल की बट मार दी।
बाकी दो बदमाश कार में पीछे की सीट पर बैठ गए। इनमें से एक हाथ में पिस्तौल और दूसरे के हाथ में भिंडा था। पहले नूरवाला की ले जाकर उसे गाड़ी से उतारकर कीचड़ में बैठाया और पीटा। फिर कार के अंदर खींचकर पिस्तौल के बल पर नीचे लेटा दिया। फिर सूनसान रास्ते पर उतारा परिजनों को कॉल कर 50 हजार रुपये मंगाने को कहां, रकम नहीं देने पर अपहरण कर पिता से तीन लाख की फिरौती वसूलने की धमकी दी।
यहां पर एक बदमाश उतर गया और उसे दोबारा कार में बैठाया गया। जिसके बाद प्लेड़ी गांव के खेतों में फेंक दिया। इस दौरान ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बैठे बदमाश ने गोली मार देने की बात कही लेकिन कार चला रहे बदमाश ने मना कर दिया।
उससे 2200 रुपये, होंडा अमेज कार और तीन एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गए। जिसके बाद मैनेजर दो किलोमीटर पैदल चलकर एक निजी स्कूल के चौकीदार के पास पहुंचा और उसके फोन से पुलिस और परिजनों को वारदात की सूचना दी। पुलिस करीब आधा घंटे में पीड़ित के पास पहुंची और मौके से पीड़ित को लेकर वारदातस्थल का मुआयना किया। वहीं, पीड़ित की शिकायत पर एसपी सुमित कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपियों की धरपकड़ के आदेश दिए।
आरोपियों ने पूछा एटीएम कार्डों का पिनकोड, पीड़ित ने बताया गलत
मैनेजर ने बताया कि बदमाशों ने खेतों में छोड़ने के बाद उसकी जेब से 2200 रुपये निकाले और उसके तीनों एटीएम कार्ड के पिन पूछे, जो उसने गलत बताए। पिन नोट करने के बाद बदमाश फरार हो गए।
हरियाणवी भाषा में कर रहे थे बात, परिचित होने की आशंका
मैनेजर ने पुलिस का बताया कि चारों बदमाश हरियाणवी में बात कर रहे थे। वह कह रहे थे छोरे या तो पैसे मंगा ले ना तै तन्ने जान ते खत्म कर दयांगे। हामनै पता है थारे धौरे जमीन भी है और कई प्लॉट भी हैं। इन सब बातों से उसे महसूस हुआ कि आरोपी उससे परिचित है। वह जानबूझकर हरियाणवी भाषा में बात कर रहे थे, ताकि उन्हें आरोपियों की पहचान न हो सके।
बदमाशों ने मुंह में लपेट रखी थी शॉल
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए शॉल से मुंह ढक रखा था। बदमाशों में उसे कार में बैठाते ही मारपीट शुरू कर दी और चार घंटे तक 10 किलोमीटर एरिया में घुमाया। अलग-अलग जगहों पर घुमाते रहे। रास्ते में कीचड़ लग रहा था, क्योंकि कार फंस-फंसकर चल रही थी।
अकसर आता था लेट, इसलिए कभी नहीं करते थे फोन
मैनेजर के पिता ने बताया कि बेटा छह माह से पानीपत में काम कर रहा है। वह अकसर लेट हो जाता था। इसलिए वह फोन कर उसकी लोकेशन और आने के समय के बारे में नहीं पूछते थे। जब पीड़ित ने आठ जनवरी की रात को फोन किया तो वह परेशान हो गए। उसी समय बेटे के पास पहुंचे।
ओयो के एरिया मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है, बदमाशों की तलाश जारी है। - अनिल कुमार, प्रभारी, 13-17 थाना।