पानी निकासी को लेकर हुआ विवाद, घर बुला के कर दी युवक की पीट-पीटकर हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के सोनीपत में पानी की निकासी को लेकर हुई कहासुनी ने एक व्यक्ति की जान ले ली। कहासुनी की रंजिश में एक युवक को पहले घर बुलाया और बाद में पीट-पीटकर हत्या कर दी। सोनीपत जिले के जाखौली गांव का मामला है। हत्या का आरोप युवक के पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाइयों पर लगा है। वह अपने ननिहाल में किराए पर रहते हैं। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
गांव जाखौली निवासी राहुल (18) बुधवार की रात अपने घर पर था। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि रात के समय पड़ोस में किराए के मकान में रह रहा अनुज व उसका भाई पंकज उसे बुलाने आए थे। दोनों उसे अपने साथ ले गए। राहुल मजदूरी का काम करता था। परिजनों ने समझा कि वह किसी काम के लिए उसे साथ ले गए हैं। अपने घर पर ले जाने के बाद दोनों ने राहुल को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया।
उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर राहुल का चाचा छतर पाल आरोपियों के घर गया तो उसने देखा कि दोनों भाई राहुल को पीट रहे थे। उन्होंने उसका मुंह भी दबा रखा था। उसके शोर मचाने व अन्य पड़ोसियों के आने के बाद दोनों भाई वहां से फरार हो गए। छतर पाल ने बताया कि वह अपने भतीजे को लेकर बहालगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचा।
जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना राई थाना पुलिस को दी गई। राई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर वीरवार सुबह सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने छतर पाल के बयान पर दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
20 दिन पहले हुआ था झगड़ा
आरोपी राहुल के घर के पास ही किराए पर रहते हैं। उनके साथ राहुल का करीब 20 दिन पहले नाली के पानी की निकासी को लेकर झगड़ा हुआ था। परिजनों को शक है कि उसकी झगड़े की रंजिश में आरोपियों ने घर बुलाकर राहुल की हत्या कर दी।
शराब पिलाने की जताई आशंका
परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपियों ने पहले राहुल को अपने घर ले जाने के बाद उसे शराब पिलाई। उसके बाद उन्होंने उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
युवक के परिजनों ने पड़ोस में रह रहे दो भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है। मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूर्ण सिंह, जांच अधिकारी, थाना राई।