लिखा- दुनिया साथ जीने नहीं दे रही लेकिन साथ मर तो सकते हैं, फिर युवक-युवती ने खा लिया जहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुखना लेक पर शुक्रवार सुबह करीब 5.45 बजे एक युवक और युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। वहां से गुजर रहे हरियाणा के सीएम के मीडिया एडवाइजर के पीए की नजर उन पर गई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। 10 से 15 मिनट तक इंतजार करने पर जब पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो वह खुद ही दोनों उठाकर सेक्टर-16 अस्पताल ले गए जहां से उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में दोनों का इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में युवक की पहचान जिला कपूरथला (पंजाब) के सुल्तानपुर लोधी के हकीम मोहल्ला निवासी सोनू (22) और युवती की पहचान कर्नाटक निवासी नाबालिग के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को मौके से एक नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि ‘हम अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहे हैं, हमारी मौत के पीछे कोई जिम्मेदार नहीं है।’ जांच में सामने आया है कि दोनों की दोस्ती करीब एक साल पहले फेसबुक पर हुई थी और तब से दोनों एक दूसरे के संपर्क में थे। दोनों शुक्रवार सुबह 4 बजे चंडीगढ़ पहुंचे थे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाजर के निजी सचिव सतवीर सिंह अगर दोनों को सही समय पर अस्पताल लेकर नहीं पहुंचते तो दोनों की जान जा सकती थी। सतवीर सिंह ने बताया कि वह सेक्टर-7 के मकान नंबर 857 में रहते हैं। रोज की तरह वह सुबह सवा पांच बजे सैर करने लेक पर गए थे। इसी दौरान उन्होंने एक बेंच पर लड़का-लड़की को अचेत अवस्था में पड़ा देखा।
इस दौरान कई सारे लोग वहां जमा हो गए। सतवीर सिंह ने बताया कि पहले उन्होंने किसी का मोबाइल लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी क्योंकि उनका मोबाइल घर पर रह गया था। कॉल करने के बाद जब काफी देर तक पीसीआर की गाड़ी नहीं आई तो उन्होंने खुद अपनी गाड़ी में दोनों को डाला और अस्पताल ले गए क्योंकि लड़की के मुंह से झाग निकल रहा था।
जब वह सेक्टर-16 के अस्पताल पहुंचे तो पीसीआर की गाड़ी उनके पीछे आ गई। पुलिस के साथ उन्होंने दोनों को पीजीआई पहुंचाया। सही टाइम पर इलाज मिल जाने से दोनों की जान बच पाई।
अंबाला से टैक्सी लेकर सुबह 4 बजे लेक पर पहुंचे दोनों
सतवीर सिंह ने बताया कि अस्पताल में दोनों को भर्ती करवाने के बाद उनकी पहचान जानने के लिए जब उन्होंने दोनों का सामान चेक किया तो उनके बैग से एक टैक्सी ड्राइवर की पर्ची मिली। पुलिस ने पर्ची पर लिखे नंबर पर फोन किया तो टैक्सी ड्राइवर ने बताया कि वह दोनों को अंबाला से लेकर सुबह 4 बजे लेक पर आया था।
इस दौरान उन्होंने उनका मोबाइल नंबर ले लिया, क्योंकि दोनों का कहना था कि वह शिमला जाना चाहते हैं, जिसके लिए वह उनको फोन करेंगे। युवक करीब 15 दिन पहले कर्नाटक गया था। वहां से लड़की को लेकर पहले रेवाड़ी के अटेली मंडी पहुंचा। जहां एक रात रुकने के बाद दोनों ट्रेन से अंबाला पहुंचे और फिर वहां से चंडीगढ़ आए। शुक्रवार सुबह दोनों ने मिल्क केक में जहरीला पदार्थ मिलाकर खा लिया।
कर्नाटक पुलिस ने युवक के खिलाफ दर्ज किया है अपहरण का केस
22 साल का सोनू कर्नाटक से नाबालिग किशोरी को लेकर आया है। इसके चलते वहां की पुलिस ने उसके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है। दोनों ने जुदाई के डर से सुखना लेक पर आकर जहर निगल लिया। जहर निगलने से पहले उन्होंने एक नोट लिखा। जिसमें लिखा है कि दुनिया साथ जीने नहीं दे रही लेकिन साथ मर तो सकते हैं।
नोट में सोनू ने युवती का नाम लिखकर आई लव यू जी लिखा है जबकि युवती ने अपनी भाषा में लिखा है कि वह अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रही है, इसलिए किसी को परेशान न किया जाए। वहीं पुलिस ने युवती के परिजनों को घटना की जानकारी पहुंचा दी है। युवती के परिजन कर्नाटक से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि अभी दोनों बयान दर्ज करवाने की हालत में नहीं हैं। वहीं कर्नाटक पुलिस चंडीगढ़ पहुंचकर युवक को गिरफ्तार कर ले जाएगी। बता दें कि कर्नाटक पुलिस ने युवती की मोबाइल कॉल डिटेल्स के जरिए सोनू की जानकारी हासिल की। पुलिस सोनू के मोबाइल नंबर के आधार पर युवती के मामा-मामी को लेकर कपूरथला पहुंची।
जहां उन्होंने लोकल पुलिस को साथ लेकर युवक के घर पर छापेमारी की। लेकिन दोनों वहां नहीं मिले। पुलिस ने परिजनों से भी संपर्क किया लेकिन पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जब दोनों ने चंडीगढ़ सुखना लेक पर जहर खा लिया तब कर्नाटक पुलिस को घटना की जानकारी मिली।