मोहाली : घरेलू क्लेश में पत्नी की हत्या कर भाग रहे युवक की सड़क हादसे में गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सन्नी एनक्लेव में गुरुवार की रात किसी बात पर हुई बहस के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू और कैंची से बाथरूम में हत्या कर दी। इसके बाद पकड़े जाने के डर से वह मौके से अपनी डस्टर कार में फरार हो गया। इस दौरान जैसे ही वह चंडीगढ़ के इलाके में पहुंचा तो उसकी कार सड़क पर खड़े एक ट्रक के पीछे जा टकराई और उसकी भी मौत हो गई।
मृतक पत्नी की पहचान वर्षा चौहान निवासी भोपाल और पति की पहचान 34 वर्षीय वारिस कयामरूदीन निवासी गुरुग्राम हरियाणा के रूप में हुई है। इस मामले में चंडीगढ़ और मोहाली पुलिस ने केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतकों के परिजनों को भी सूचना दे दी है।
जानकारी के मुताबिक सन्नी एनक्लेव की कोठी नंबर-2435-बी में किराये पर रह रहे पति-पत्नी में गुरुवार को देर रात किसी बात पर बहस हो गई। इस दौरान गुस्से में आए पति ने बाथरूम में अपनी पत्नी पर तेजधार चाकू और कैंची से कई वार कर दिए। इस हमले में उसकी पत्नी ने वहीं पर दम तोड़ दिया। इसके बाद पति अपनी कार में फरार हो गया और रास्ते में सड़क हादसे में उसकी भी मौत हो गई।
मकान मालकिन रूचि डोगरा ने इस वारदात की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद खरड़ की डीएसपी रूपिंदरदीप कौर सोही, एसपी देहात रवजोत कौर ग्रेवाल, खरड़ सिटी पुलिस स्टेशन के इंचार्ज दलजीत सिंह और सन्नी एनक्लेव पुलिस चौकी इंचार्ज हर्ष गौतम मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि महिला का खून से लथपथ शव बाथरूम में पड़ा है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे के लेकर सरकारी अस्पताल खरड़ की मॉर्चरी में रखवा दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतका वर्षा के परिवार को सूचना दी।
पति दो दिन रहा गायब, पत्नी ने पुलिस को दी थी शिकायत
सन्नी एनक्लेव में कोठी की मालकिन रूचि डोगरा ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी दोनों एक माह पहले ही उनके घर किराये पर रहने आए थे। दोनों किसी एग्जाम की तैयारी कर रहे थे। 16 जनवरी को दोनों कहीं विदेश जाने की तैयारी में थे। तीन दिन पहले मृतका का पति वारिस कयामरूदीन दो दिन के लिए घर से गायब हो गया था। पत्नी ने उसके गायब होने की शिकायत सन्नी एनक्लेव पुलिस चौकी में लिखवाई थी।
चंडीगढ़ के एक होटल में की थी तोड़फोड़
जिस दौरान दो दिन के लिए वर्षा चौहान का पति गायब था तो उसको किसी का फोन आया था कि उसका पति चंडीगढ़ के एक होटल में तोड़फोड़ कर रहा है। इस पर वर्षा होटल जाकर पति को घर ले आई थी। इसके बाद से दोनों में झगड़ा हुआ था। गुरुवार की रात भी इसी बात पर दोनों में रात करीब दो बजे झगड़ा हुआ था। इसी दौरान पत्नी की हत्या कर पति फरार हो गया था।
जानकारी के मुताबिक पत्नी की हत्या कर वारिस कयामरूदीन अपनी डस्टर कार से फरार हो रहा था। इस पर कयामरूदीन ने अपनी कार गांव जंडपुर की ओर भगा ली और गांवों से होता हुआ पंजाब-चंडीगढ़ के बॉर्डर सारंगपुर पहुंच गया। यहां तड़के ही उसकी कार तोगा लाइट प्वाइंट धनास पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई और वह गंभीर घायल हो गया।
चंडीगढ़ पुलिस को पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक चालक ने इस दुर्घटना की सूचना दी। चंडीगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल वारिस कयामरूदीन को एंबुलेंस की सहायता से सेक्टर-16 सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खरड़ सिटी पुलिस के थानाध्यक्ष दलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।