पंजाबः इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी सुखदेव की हत्या के आरोप में एक गिरफ्तार, कार भी बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जमीन हथियाने के लिए इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी सुखदेव सिंह की हत्या हुई थी, इसका खुलासा अमर उजाला की ओर से सात फरवरी के अंक में किया जा चुका है। अमर उजाला द्वारा किए गए खुलासे के बाद पुलिस ने इसे आधार बनाकर मामले की जांच शुरू की तो सुखदेव सिंह से जमीन खरीदने वाला जग्गा पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
सीआईए स्टाफ में पुलिस जग्गा निवासी घलकलां से पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस ने वारदात में जग्गा के भाई निर्मल सिंह निम्मा की वह स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है, जिसमें डालकर सुखदेव सिंह का शव खेतों में फेंका था। आरोपी जग्गा से पूछताछ करने के साथ साथ पुलिस की एक टीम उसके भाई निर्मल सिंह निम्मा की तलाश में जुट गई है, क्योंकि अभी तक की जांच अनुसार इस हत्याकांड में आरोपी निर्मल निम्मा भी बराबर का गुनहगार है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक निर्मल सिंह निम्मा स्थानीय सब्जीमंडी में आढ़ती का काम करता है। बता दें कि इस हत्याकांड के बाद सुखदेव सिंह की मौसेरी बहन राजविंदर कौर ने मीडिया के सामने आरोप लगा चुकी है कि सुखदेव सिंह से जग्गा सिंह और एक नंबरदार उसकी डेढ़ एकड़ जमीन हथियाना चाहते थे। जिसके चलते आरोपियों ने सुखदेव सिंह को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस इस मामले में काफी नजदीक पहुंच चुकी है, और जल्द ही पुलिस इसमें आरोपियों को सामने लाकर हत्याकांड संबंधी खुलासा कर सकती है। सीआईए स्टाफ प्रभारी किक्कर सिंह का कहना है कि हत्याकांड संबंधी पुलिस को काफी हद तक सफलता मिल चुकी है, जल्द ही इस हत्याकांड को सुलझा लिया जाएगा।
गौर रहे कि पांच फरवरी की सुबह करीब 9 बजे थाना चड़िक पुलिस ने गांव सिंघावाला में स्थित खेतों से सुखदेव सिंह (50) का शव बरामद किया था। सुखदेव सिंह के गले में प्लास्टिक की रस्सी होने के कारण पुलिस ने मामले में व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।