कोहरे का कहर: हरियाणा में सात जगहों पर 73 वाहन भिड़े, 7 लोगों की मौत, कई दर्जन घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में शुक्रवार को कोहर ने जमकर कहर ढाया। सुबह के समय घना कोहरा होने से वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दृश्यता कम होने से सात जगहों पर करीब 73 वाहन या तो आपस में भिड़ गए या खाई में गिर गए। इन हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच छात्रों सहित 57 लोग घायल हो गए। एक छात्र की हालत गंभीर है। सोनीपत में केजीपी एक्सप्रेस वे पर एक साथ 45 वाहन भिड़े तो बहादुरगढ़ के बादली में केएमपी एक्सप्रेस पर 13 वाहन आपस में टकरा गए।
सोनीपत में केजीपी एक्सप्रेस-वे पर 45 वाहन आपस में भिड़े, 12 घायल
सोनीपत में सुबह घने कोहरे के चलते दृश्यता कम रहने से कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) एक्सप्रेस-वे पर एक के बाद एक 45 वाहन टकरा गए। हादसे में 12 लोग घायल हो गए। इससे एक्सप्रेस वे पर जाम लग गया। बाद में यूपी-हरियाणा बार्डर पर बागपत और कुंडली पुलिस ने क्रेन मंगाकर वाहनों को हटवाया। टोल प्लाजा को फ्री करके जाम को खत्म कराया जा सका।
खरखौदा में स्कूली गाड़ी ट्रक से भिड़ी, पांच छात्र घायल
खरखौदा में पीपली गांव के पास एक स्कूली वाहन ओवरटेक करने के चक्कर में ट्रक से भिड़ गया। हादसे में पांच बच्चे घायल हो गए। चार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद घर भेज दिया गया। एक छात्र को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
जींद में सड़क पर खड़े ट्रक से बस भिड़ी, दो की मौत, सात घायल
जींद के नरवाना में हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर हथो गांव के पास रोडवेज की बस सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में ट्रक का इंजन ठीक कर रहे चालक बिहार के बेगुसराय निवासी विनोद (60) और समस्तीपुर निवासी परिचालक पंकज (22) की मौत हो गई। जबकि बस चालक राजेंद्र और परिचालक रमेश समेत बस में सवार शिव, पंकज, प्रदीप, अशोक समेत सात लोग घायल हो गए। बस चालक राजेंद्र समेत एक अन्य यात्री को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है।
रोहतक में सड़क पर खड़े डंपर से बस भिड़ी, एक छात्र की मौत, 15 घायल
रोहतक में सुबह आठ बजे दादरी-रोहतक हाईवे पर कलानौर के एसजेके कॉलेज के मोड़ के पास तेज गति से आ रही निजी बस घने कोहरे के कारण सड़क के किनारे खड़े डंपर से भिड़ गई। हादसे में रोहतक से कंप्यूटर का कोर्स कर रहे छात्र मनोज की मौत हो गई। जबकि छात्र एवं छात्राओं समेत 15 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी डंपर चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
बहादुरगढ़ में चार सड़क हादसों में एक की मौत, सात घायल
बहादुरगढ़ में धुंध के कारण चार सड़क हादसे हो गए। इसमें फरीदाबाद निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए।
बादली में केएमपी एक्सप्रेस वे पर आपस में टकराए 13 वाहन, सात घायल
बहादुरगढ़ की बादली में सुबह घने कोहरे की वजह से केएमपी एक्सप्रेस वे पर 13 वाहन टकरा गए, जिससे सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कई वाहन चालक अपने वाहनों को मौके पर छोड़कर भाग गए। बताते हैं केएमपी एक्सप्रेस वे पर बीच में खड़ी वैगन आर कार में पीछे से एक ट्राला भिड़ गया। इसके बाद थोड़ी-थोड़ी देर में करीब 13 वाहन आपस में टकरा गए। इसमें दो छोटी कार और 11 ट्राले शामिल हैं।
यमुनानगर में कार खाई में गिरी, चार घायल
यमुनानगर में देहरादून जा रही दिल्ली के दोस्तों की कार खाई में गिर गई। हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
रजोकरी दिल्ली से महेंद्रगढ़ की तरफ आ रही बारात की गाड़ी गांव बूचावास के पास पेड़ से टकरा गई। कार में सवार दो बारातियों की मौत हो गई। दूल्हे के चचेरे भाई सहित दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को रेवाड़ी के अस्पताल में रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सभी रेवाड़ी -कनीना होकर गांव जावा की तरफ जा रहे थे।
गांव बूचावास के पास अचानक आई-20 कार पेड़ से टकरा गई। चिकित्सकों ने दिल्ली रजोकरी निवासी 25 वर्षीय गौरव, दिल्ली निवासी 24 वर्षीय शशांक को मृत घोषित कर दिया। दूल्हे के चचेरे भाई कर्ण और उनके दोस्त झाड़सा गुरुग्राम निवासी लक्ष्मण को गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया।
सड़क दुर्घटना में महिला चिकित्सक की मौत व पति व दूसरा डॉक्टर घायल
दिल्ली-झुंझुनूं राष्ट्रीय राजमार्ग 11 पर चंदपुरा के समीप शुक्रवार सुबह कार व हरियाणा रोडवेज बस की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार में सवार महिला चिकित्सक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में सवार महिला चिकित्सक का पति व दूसरा चिकित्सक घायल हो गया। अटेली पुलिस ने रोडवेज बस के चालक-परिचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार फरीदाबाद निवासी डॉ. प्रदीप मुखेजा (60), उनकी पत्नी डॉ. प्रतिभा मुखेजा व भिवाड़ी ईएसआई अस्पताल के इंचार्ज डॉ. हरीश नारनौल में एक चिकित्सक के बेटे की शादी समारोह से शहर लौट रहे थे। चंदपुरा के समीप रेवाड़ी की ओर से आ रही रोडवेज ने उनकी कार को चपेट में ले लिया। सड़क हादसे में महिला चिकित्सक की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि घायलों को अटेली अस्पताल से प्राथमिक उपचार करने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।