हरियाणा: कोरोना मरीजों के 72 फीसदी बेड खाली, ब्लैक फंगस के लिए आरक्षित 900 में 821 भरे
हरियाणा में कोरोना की थमती रफ्तार के बीच ब्लैक फंगस ने सरकार की चिंता बढ़ा दी। कोरोना मरीजों को लिए आरक्षित बेड तेजी से खाली हो रहे हैं तो वहीं ब्लैक फंगस के मरीजों को लिए आरक्षित बेड भरने लगे हैं। उधर, प्रदेश में ब्लैक फंगस के इलाज में प्रयुक्त होने वाले इंजेक्शन की कमी है। हालांकि सरकार ने कहा है कि जल्द ही केंद्र सरकार से दो हजार इंजेक्शन और मिलेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना की दूसरी लहर के कमजोर पड़ने के बाद अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित 72 प्रतिशत बेड खाली हो गए हैं। उधर, ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए मेडिकल कॉलेजों में आरक्षित 76 प्रतिशत भर चुके हैं। तेजी से नए मामले सामने आने से पीजीआई रोहतक, अग्रोहा मेडिकल कॉलेज और गुरुग्राम में बेड कम पड़ रहे हैं।
बता दें कि प्रदेश सरकार की ओर से अब हर मेडिकल कॉलेज में 75-75 बेड की व्यवस्था कर इनकी संख्या 900 कर दी है। इस समय प्रदेश में ब्लैक फंगस के कुल 821 नए मामले हैं। इनमें से 692 मरीजों का मेडिकल कॉलेजों में इलाज चल रहा है।
ये है कोरोना बेडों की स्थिति
प्रदेश के सरकारी और निजी अस्पतालों में 14,170 ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था है। इनमें से केवल 2991 पर मरीज हैं, जबकि 11,179 बेड खाली हैं। इसी प्रकार, वेंटिलेटर-आईसीयू में 5336 बेड हैं, जिनमें 2400 पर मरीज हैं और शेष 2936 खाली हैं।
ब्लैक फंगस के कहां-कितने मरीज दाखिल
ब्लैक फंगस के 30 मई तक कुल 821 मरीज मिल चुके हैं। इनमें से सबसे अधिक गुरुग्राम में 176, रोहतक 165, हिसार 159 और फरीदाबाद 43 मरीज दाखिल हैं। इसके अलावा, अंबाला 9, भिवानी 7, चरखी दादरी-कैथल 1-1, फतेहाबाद-झज्जर 7-7, करनाल 24, पंचकूला 6, पानीपत 23, रेवाड़ी 9, सिरसा 28 व यमुनानगर में 2 मरीज उपचाराधीन हैं।
11 नए केस, पांच ने तोड़ा, कुल 61 की मौत
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 30 मई के जारी बुलेटिन के अनुसार, रविवार को ब्लैक फंगस के 11 नए केस मिले हैं, जबकि 5 मरीजों की मौत हो गई है। अब तक ब्लैक फंगस से मरने वालों की संख्या 61 पहुंच गई है। बुलेटिन के अनुसार, इस समय 821 मरीजों में से 68 मरीज ठीक हो चुके हैं।
कहां-कितने मरीज
चरखी दादरी 1, कुरुक्षेत्र 1, कैथल 2, यमुनानगर 2, पंचकूला 6, भिवानी 8, अंबाला 9, रेवाड़ी 9, फतेहाबाद 11, झज्जर 13, पानीपत 25, नूंह 27, करनाल 28, फरीबाबाद 44, सिरसा 48, हिसार 180, रोहतक 185 और गुरुग्राम में ब्लैक फंगस के 222 केस अब तक आ चुके हैं।
इंजेक्शन की कमी जारी
ब्लैक फंगस के इलाज में प्रयुक्त होने वाले इ्ंजेक्शन की प्रदेश में शुरू से ही कमी बनी है। एम्फोटेरिसिन बी के सरकार के पास 1200 इंजेक्शन का स्टॉक है। सरकार का दावा है कि मंगलवार तक केंद्र से दो हजार और इंजेक्शन मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा पांच हजार इंजेक्शन खरीदने का ऑर्डर भी दे रखा है।