हरियाणा के जींद में छात्रा से छेड़छाड़ पर दो गुटों में चले चाकू, युवक की मौत, तीन घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के जींद में बस स्टैंड के बाहर बुधवार दोपहर करीब तीन बजे एक छात्रा से छेड़छाड़ करने पर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई और चाकू चले। चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दोनों गुटों के तीन युवा घायल हो गए। मृतक की पहचान रूपगढ़ गांव के 19 वर्षीय नवीन के रूप में हुई। बताया जा रहा है जिस छात्रा से छेड़छाड़ हुई उसके भाई के दोस्त के बुलाने पर वह मौके पर पहुंचा था। नवीन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर करीब तीन बजे सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की कॉलेज से घर जा रही थी। बस स्टैंड पर कुछ युवकों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। इस पर उसने अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। लड़की का भाई चंडीगढ़ गया था इसलिए उसने अपने दोस्त रूपगढ़ निवासी जितेंद्र को मदद के लिए भेजा।
जितेंद्र शहर के सीआर कॉलेज का छात्र है। जितेंद्र अपने दोस्त नवीन और प्रवीन के साथ बस स्टैंड पहुंचा। इसके बाद जब उन्होंने आरोपी युवकों से छेड़छाड़ का विरोध किया तो दोनों गुटों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि नंदगढ़ निवासी आशीष ने भी अपने छह-सात साथियों को बुला लिया। झगड़ा बढ़ने पर एक गुट के युवकों ने जितेंद्र, नवीन और प्रवीन पर चाकुओं से हमला कर दिया।
वहीं हमले में दूसरे गुट का आशीष भी घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने रूपगढ़ के नवीन को मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद डीएसपी साधुराम बिश्नोई, धर्मबीर, कप्तान सिंह व सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम, शहर थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं दोनों पक्षों के घायलों का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। तनाव की स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है।
घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं। घायल हमला करने वाले युवकों को नहीं जानते। इसके अलावा मृतक के परिजनों ने फिलहाल बयान दर्ज नहीं करवाए हैं। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंपा जाएगा। अन्य लोगों के बयान दर्ज होने के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। - हरिओम, सिविल लाइन थाना प्रभारी।