चंडीगढ़। सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में एमडी और एमएस की काउंसलिंग बुधवार देर शाम को शुरू की गई। हालांकि काउंसलिंग सुबह 10 बजे शुरू होनी थी, लेकिन जीएमसीएच में एमएस और एमडी में निर्धारित यूटी कोटे को बदलने के प्रशासन के आदेशों को एक छात्र की ओर से हाईकोर्ट में चुनौती देने के कारण अस्पताल प्रशासन आदेशों का इंतजार करता रहा। याचिका पर अदालत ने यूटी प्रशासन व अन्य प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर 16 अगस्त तक जवाब मांगा था, देर शाम तक कोर्ट के आदेश के इंतजार के बाद दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद तय हुआ है कि प्रोस्पेक्टस के मुताबिक ही दाखिला प्रक्रिया करवाई जाएगी।
अस्पताल में काउंसलिंग का समय सुबह 10 बजे था। हालांकि इस काउंसलिंग पर कोई रोक नहीं थी, फिर भी जीएमसीएच-32 ने हाईकोर्ट में चल रही कार्यवाही के समापन की प्रतीक्षा की। सीट आवंटन प्रक्रिया शाम साढ़े पांच बजे के बाद शुरू की गई। जब चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ स्थायी वकील अनिल मेहता ने सूचित किया कि न्यायालय ने प्रॉस्पेक्टस में दिए गए संशोधित प्रक्रिया और अनुक्रम के अनुसार निर्धारित काउंसलिंग की अनुमति दी है। हालांकि काउंसलिंग अदालती मामले के अंतिम नतीजे के अधीन होगी। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक सत्र 2023 से सभी सीट की काउंसलिंग पहली दूसरी और तीसरी की वीडियोग्राफी की जाएगी, जिसके लिए पांच कैमरे लगाए गए हैं। पिछले हफ्ते स्वास्थ्य सचिव ने आदेश दिए थे कि पूरी प्रक्रिया को रिकॉर्ड किया जाएगा। साथ ही इस फुटेज को कम से कम एक साल तक रिकाॅर्ड में रखा जाएगा जिससे कोई गड़बड़ी नहीं हो।