हरियाणा और हिमाचल के फल-सब्जी का स्वाद नहीं चख पाएंगे दिल्ली वाले, लगाई गई रोक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण दिल्ली वाले अब हरियाणा और हिमाचल की सब्जियों, फलों का स्वाद फिलहाल नहीं चख पाएंगे। हरियाणा ने दिल्ली के लिए सब्जियां भेजने पर भी रोक लगा दी है। न तो हरियाणा की सब्जी दिल्ली जाएगी और न ही दिल्ली की आजादपुर मंडी से हरियाणा की मार्केट में आएगी। यही नहीं, हरियाणा ने हिमाचल के फलों व सब्जियों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। हिमाचल की गाड़ियां फल व सब्जी लेकर हरियाणा के रास्तों से दिल्ली नहीं जा पाएंगी।
हरियाणा सरकार ने यह निर्णय सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम में कोरोना के केस बढ़ने पर लिया है। सोनीपत में बीते दिनों संक्रमण के जितने भी मामले आए हैं, उनका दिल्ली कनेक्शन है। संक्रमित लोग दिल्ली में कार्यरत हैं और हरियाणा से रोजाना आवागमन कर रहे थे, जिससे संक्रमितों की संख्या प्रदेश में बढ़ गई। सोनीपत बॉर्डर को पहले ही सील कर सख्ती बढ़ा दी गई है। कर्मचारियों के रोजाना आवागमन पर भी पाबंदी है। चुनिंदा कर्मचारियों को ही आने-जाने दिया जा रहा है।
बॉर्डर पर लंबी लाइन जांच के लिए लग रही हैं। अनावश्यक आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित है। गृह मंत्री अनिल विज दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को दो टूक कह चुके हैं कि अपने कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्था दिल्ली में ही करें। हरियाणा सरकार कोरोना के खात्मे को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहती, इसलिए बॉर्डर को पूरी तरह सील कर रोजाना पास धारकों के आवागमन पर रोक लगाई गई है। सरकार का मानना है कि दिल्ली से हरियाणा में संक्रमण आ रहा है।
मंत्री विज के आदेश पर हरियाणा के सभी बॉर्डर सील
बता दें कि कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए हरियाणा के सभी बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। पुलिस, प्रशासन ने भी सख्ती बढ़ा दी है। ऐसे में अब दिल्ली से हरियाणा में एंट्री मुश्किल हो गई है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत के अलावा पंजाब से लगते बॉर्डर भी सील कर दिए गए हैं। रोजाना पास लेकर आवागमन करने वालों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
दरअसल हरियाणा ने संक्रमण के बढ़ते मामलों के लिए दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही सरकारी व अन्य कर्मचारियों के लिए नए पास जारी न करने की अपील की है। गृह मंत्री अनिल विज ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपने कर्मचारियों को दिल्ली में ही ठहराने की व्यवस्था करने के लिए कहा है।
हमने बॉर्डर सील किए हुए हैं और वहां से किसी को आने की इजाजत नहीं है। जो पास लेकर आते हैं उन्हें रोका नहीं जा सकता, क्योंकि ये केंद्र सरकार की एडवाइजरी है। इसलिए हम चाहते हैं कि दिल्ली सरकार पास जारी न करे और उन्हें दिल्ली में ही रखें।
- अनिल विज, गृह मंत्री