फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Coronavirus in Punjab News in Hindi: Coronavirus outbreak in Punjab latest update, Covid-19

कोरोनाः पंजाब में कपूरथला में डीएसपी और कांस्टेबल संक्रमित,फतेहगढ़ साहिब में आठ पॉजिटिव मिले

Sun, 10 May 2020 07:50 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: ajay kumar Updated Sun, 10 May 2020 07:50 PM IST
विज्ञापन
Coronavirus in Punjab News in Hindi: Coronavirus outbreak in Punjab latest update, Covid-19
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : Social Media

रोपड़, कपूरथला और फतेहगढ़ साहिब में तीन डॉक्टर और डीएसपी समेत पंजाब में रविवार को 84 नए मामले सामने आए। इसके अलावा अब तक कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों का आंकड़ा 1846 पर पहुंच गया है। कपूरथला में आइकेजी पीटीयू में श्री हजूर साहिब से लौटने वाली संगत की सुरक्षा में तैनात 42 पुलिसकर्मियों के कुछ दिन पहले सैंपल लिए गए थे। इनमें पीएपी के डीएसपी मनीष कुमार और एक कांस्टेबल पॉजिटिव निकला। दोनों को कपूरथला के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया है।

विज्ञापन


वहीं, जालंधर के लाइफ लाइन किडनी अस्पताल के सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सक डॉ. गौरव कपूर भी पॉजिटिव पाए गए। वे  इस समय कपूरथला के अमन नगर में अपने घर पर थे। सेहत विभाग ने पुलिस की मदद से पूरे एरिया को सील करके परिवार के सैंपल लिए हैं। परिवार को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। रविवार को सबसे अधिक मामले रोपड़ में सामने आए। यहां 46 संक्रमितों में एक डॉक्टर और काफी संख्या में हेल्थ स्टाफ शामिल है। फतेहगढ़ साहिब में 20 नए मरीज मिले हैं। इनमें भी एक डॉक्टर शामिल है।
विज्ञापन


अमृतसर में आठ और मोहाली में सात नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। इनके अलावा मोगा, पटियाला और कपूरथला से भी एक-एक नया पॉजिटिव मामला रिपोर्ट हुआ। इसके अलावा मानसा, मोहाली, जालंधर और पठानकोट से कुल दस मरीज ठीक होकर घर भी पहुंचे। गौरतलब है कि पंजाब में अब तक कोविड-19 से 31 लोगों की मौत हो चुकी है । वहीं, संदिग्ध मामलों की कुल संख्या 40,962 पर पहुंच गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


चोरी का आरोपी निकला पॉजिटिव : दो जज, सात वकील, छह पुलिसकर्मियों समेत 27 क्वारंटीन
अमृतसर। थाना चाटीविंड पुलिस द्वारा ट्रैक्टर चोरी के आरोप में पांच मई को पकड़ा गया आरोपी प्रताप सिंह कोरोना पॉजिटिव निकला। आरोपी को 6 मई को चीफ जूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास की अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर भेजा गया था। आठ मई को उसे अदालत ने जेल भेज दिया। अब रविवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दो जज, सात वकील, अदालत के स्टाफ के 12 लोग और चाटीविंड पुलिस के छह कर्मचारी को होम क्वारंटीन कर दिया।
 

पीटीयू में तैनात पीएपी के एक डीएसपी और कांस्टेबल कोरोना संक्रमित

कपूरथला में श्री हजूर साहिब से लौटने वाली संगत की सुरक्षा के लिए पीटीयू में तैनात पीएपी के एक डीएसपी और कांस्टेबल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं जालंधर में कार्यरत कपूरथला के अमन नगर निवासी एक डॉक्टर के संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस की मदद से अमन नगर एरिया को सील करके परिवार के ब्लड सैंपल लिए हैं। परिवार को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। दोनों पुलिस कर्मियों को आइसोलेशन सेंटर में भर्ती करवा दिया गया है। 

सिविल सर्जन डॉ. जसमीत कौर बावा और आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. राजीव भगत ने बताया कि जालंधर-कपूरथला रोड स्थित आइकेजी पीटीयू में तैनात डीएसपी और कांस्टेबल को संक्रमित पाए जाने के बाद कपूरथला के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। यह दोनों पीटीयू में श्री हजूर साहिब से लौटी संगत की सुरक्षा में तैनात थे। उन्होंने बताया कि पीटीयू में तैनात 42 पुलिस कर्मियों के सैंपल लिए गए थे। जिनमें से दो पॉजिटिव और तीन की री-सैंपलिंग की गई है। जबकि 37 की रिपोर्ट निगेटिव है। 

लुधियाना में युवक संक्रमित, माता-पिता पहले से पॉजिटिव
डाबा निवासी 22 वर्षीय युवक रविवार को कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक के माता-पिता पहले से कोरोना पॉजिटिव आ चुके है। ऐसे में एक ही परिवार में अब तीन लोग कोरोना पॉजिटिव आ चुके है। परिवार के चौथे सदस्य की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने इस मामले की पुष्टि की है। अब लुधियाना में कोरोना संक्रमितों की संख्या 131 हो गई है। 

डाबा निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग एक साइकिल फैक्टरी में काम करते है। छह मई को उनकी जांच के बाद कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे थे। आठ मई को बुजुर्ग की पत्नी की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई थी। अब रविवार को उनके छोटे बेटे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बड़े बेटे की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है।

फतेहगढ़ साहिब में आठ नए केस, संख्या हुई 36

फतेहगढ़ साहिब में कोरोना संक्रमितों के आठ नए केस आने पर कुल मरीजों की संख्या 36 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. एनके अग्रवाल ने बताया कि कोरोना के नए मामले गांव बीबीपुर के कंबाइन ऑपरेटर, गांव रंधावा तथा गांव खानपुर बीड़ से हैं, जो विभिन्न राज्यों में गेहूं की कटाई करके लौटे हैं। दो सरहिंद के आदर्श नगर के संक्रमितों के नजदीकियों के हैं। एक 13 वर्ष का बच्चा खमाणों से पॉजिटिव आया है। इनका परिवार मार्च को कांगड़ा गया था और वह छह मई को लौटे थे। 

पठानकोट में महिला डॉक्टर ने जीती कोरोना से जंग
अमनदीप अस्पताल की महिला डॉक्टर की रिपोर्ट लगातार दूसरी बार निगेटिव आई है। रविवार को महिला डॉक्टर का सम्मान कर उन्हें घर रवाना कर दिया गया। डीसी गुरप्रीत सिंह खैहरा ने यह जानकारी दी। डीसी ने बताया कि सिविल अस्पताल में 16 पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि एक मरीज का इलाज अमृतसर में चल रहा है। अब तक जिले में कोरोना से मुक्त होने वाला यह 11वां मरीज है।
 
पटियाला में एक महिला ने कोरोना को दी मात 
पटियाला जिले के लिए रविवार राहत भरा दिन रहा। शनिवार को लिए सभी 88 सैंपलों की रविवार को रिपोर्ट निगेटिव रही। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि रविवार को एक और महिला को कोरोना को मात देने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। वह कच्चा पटियाला एरिया की रहने वाली थी। उसकी दो रिपोर्ट निगेटिव आई थीं। रविवार को जिले के विभिन्न स्थानों से 22 सैंपल लिए गए, जिनकी रिपोर्ट सोमवार को आएगी। 

गुरदासपुर में संक्रमितों की संख्या 134, सभी बाहर से आए

गुरदासपुर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 134 हो गई है। पांच मरीजों की रिपोर्ट शनिवार रात को और सात मरीजों की रिपोर्ट रविवार को पॅाजिटिव आई। वहीं जिले में जितने भी संक्रमित हैं, वे बाहरी राज्यों या जिलों से ही संक्रमित होकर आए थे। बाहरी राज्यों में सबसे ज्यादा 118 श्री हजूर साहिब से लौटने वाले श्रद्धालु हैं। 

एक संक्रमित समाजसेवी अमृतसर के एक अस्पताल गया था, जहां वह संक्रमित पाया गया। गांव भून की महिला भी हिमाचल प्रदेश के बद्दी से गांव आई थी। एक गैंगस्टर पटियाला से बटाला लाया गया था। इनके प्रथम संपर्क में आने वाले लोगों के टेस्ट लिए जा चुके हैं। एक संक्रमित की मौत हो चुकी है। 

गौर रहे कि सिर्फ मृतक को छोड़कर बाकी किसी संक्रमित में कोई लक्षण नहीं मिले थे। वहीं अब मजनू का टीला नई दिल्ली से भी 325 मजदूरों और अन्य लोगों का पंजाब के विभिन्न जिलों में उनके घर भेजा जाएगा। जिसके चलते गुरदासपुर में भी करीब 56 लोग जिले में पहुंचेंगे। 

जालंधर : किडनी अस्पताल के डॉक्टर समेत आठ नए संक्रमित
लाइफ लाइन किडनी अस्पताल के सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सक डॉ. गौरव कपूर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उनके अलावा अस्पताल के तीन अन्य कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रविवार को जालंधर में आठ मरीज पॉजिटिव मिले। इसमें एक गुरदासपुर का है। डॉ. गौरव कपूर कपूरथला से हैं जबकि बाकी छह जालंधर से हैं। लाइफ लाइन किडनी अस्पताल में काम करने वाले 31 साल के कुलजिंदर सिंह, 56 साल की चरणी देवी व 36 साल की गुरजीत कौर भी संक्रमित मिले हैं।

कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. टीपी सिंह का कहना है कि कुछ दिन पहले अमरीक सिंह इलाज करवाने के लिए किडनी अस्पताल में दाखिल हुआ था, जिसको बाद में लुधियाना शिफ्ट किया गया था। वहां पर उसका टेस्ट पॉजिटिव आया। इसके बाद सेहत विभाग ने डॉ. गौरव कपूर निवासी कपूरथला और उनके स्टाफ के सैंपल लिए थे, जिनमें चार पॉजिटिव पाए गए हैं।

इसके अलावा दर्शन सिंह निवासी कबूलपुर जंडू सिंगा, बस्ती शेख के रहने वाली संतोष कुमारी और ऊषा रानी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। दोनों को कोरोना का संक्रमण कैसे हुआ, इसको लेकर सेहत विभाग अंजान है। डॉ. सिंह का कहना है कि दोनों सिविल अस्पताल के कोरोना सेंटर में दाखिल हुई थी और उनको सांस लेने में तकलीफ थी। कोरोना के लक्षण देखकर उनके सैंपल लेकर भेजे गए तो वह पॉजिटिव आए हैं।

बुढलाडा में मिले 12 नए पॉजिटिव केस

मानसा जिले के बुढलाडा में रविवार को 12 संक्रमित केस मिले। इसके बाद मानसा में मरीजों की संख्या 27 हो गई है। 12 नए मामलों में 4 पुलिस मुलाजिम, 5 मजदूर और 3 विद्यार्थी शामिल हैं। वहीं जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग के पास दिल्ली की निजामुद्दीन जमात से जुड़े चार व्यक्तियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है जिनको सोमवार तक अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। 

कुछ समय पहले बुढलाडा की मस्जिद में रुके 11 व्यक्ति कोरोना पीड़ित पाए गए थे। इसके बाद वार्ड नंबर 4 को सील कर दिया गया था। इसी वार्ड में ड्यूटी देने वाले 4 पुलिस मुलाजिमों की रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई। इसके अलावा बाहरी राज्यों से आने वाले गांव मंढाली का 1, गांव सतीके का 1, गांव फूलोवाला डोगरा का 1 और गांव बछोआना के दो मजदूर संक्रमित पाए गए हैं।

एसएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि इसके अलावा गांव खारा की नोएडा में पढ़ने वाली एक छात्रा के संपर्क में आने वाले राम नगर भट्ठल के 2 व गांव टाहलियां के 1 विद्यार्थी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 

रोपड़ में एक ही दिन में आए 46 नए पॉजिटिव

जिले में रविवार को एक ही दिन में 46 मामले पॉजिटिव आए। इसके बाद जिले में कोरोना के एक्टिव पॉजिटिव केसों की संख्या 67 हो गई है। इनमें से दो लोग रिकवर हो गए हैं जबकि एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार रविवार को पॉजिटिव आए मामलों में हेल्थ स्टाफ शामिल है जिनमें एक सीनियर मेडिकल डाक्टर भी बताया जा रहा है।

डीसी सोनाली गिरी ने पहले तीन केस पॉजिटिव आने की जानकारी दी थी जिसमें दो हेल्थ वर्कर और एक मध्य प्रदेश से आया व्यक्ति शामिल था लेकिन कुछ ही देर के बाद 43 और मामले पॉजिटिव आ गए। मेडिकल स्टाफ के कोरोना पॉजिटिव आने की जानकारी ने स्थिति को ओर गंभीर बना दिया है।

जानकारी के अनुसार पॉजिटिव आए केसों में चमकौर साहिब के गांव पिप्पल माजरा के क्वारंटीन सैंटर में माछीवाडा के गांव सुलतानपुर का व्यक्ति और गांव लोधीमाजरा-चक्क ढेर क्षेत्र वासी एक महिला हेल्थ वर्कर भी शामिल है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed