चंडीगढ़ में संक्रमितों का आंकड़ा पहुंचा 200, तीन नए पॉजिटिव मिले तो तीन ठीक होकर घर लौटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में मंगलवार को कोरोना के तीन और नए मामले सामने आए। इनमें से दो मरीज बापूधाम के जबकि एक धनास का है। बापूधाम के दोनों मरीज एक ही परिवार के हैं और रिश्ते में मां-बेटे हैं। इनमें महिला की उम्र 55 साल जबकि बेटे की उम्र 28 साल है। ये दोनों जीएमएसएच 16 में भर्ती हैं। इनके अलावा तीसरा पॉजिटिव मरीज धनास निवासी 34 साल का युवक है, जो 17 मई को दिल्ली से चंडीगढ़ आया था।
दिल्ली में दो महीने रुकने के बाद यहां वापस आने पर उसे बुखार और सर्दी जुकाम की शिकायत हुई। इसके बाद उसे इलाज के लिए जीएमएसएच-16 लाया गया। जहां डॉक्टरों ने लक्षण के आधार पर उसे आइसोलेशन में भर्ती कर उसका जांच का नमूना भेजा। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके परिवार के 4 अन्य सदस्यों को भी आइसोलेशन में रखा गया है।
अब शहर में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 200 हो गई है। वहीं, बापूधाम में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 130 हो गई है। मंगलवार तक शहर में कोरोना के 3031 संदिग्ध सामने आ चुके हैं। इनमें से 2783 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि 57 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
बापूधाम के पहले पॉजिटिव समेत तीन और मरीजों को मिली पीजीआई से छुट्टी
पीजीआई के कोरोना डेडीकेटेड हॉस्पिटल से मंगलवार को तीन और मरीजों ने कोरोना को मात देकर घर वापसी की। इनमें दो मरीज बापूधाम के जबकि एक धनास निवासी है। खास बात यह है कि बापूधाम के जिन दो मरीजों को मंगलवार को छुट्टी मिली, उनमें बापूधाम का पहला पॉजिटिव मरीज भी शामिल है।
यह युवक जीएमएसीएच-32 में ओटी अटेंडेंट है और वह बीते 24 अप्रैल को पॉजिटिव पाया गया था। इन मरीजों के डिस्चार्ज होने के बाद शहर में अब तक करोना के ठीक हो चुके मरीजों की संख्या 57 हो गई है। मंगलवार को जिन तीनों मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली उनमें बापूधाम निवासी युवक के अलावा बापूधाम निवासी एक 42 वर्षीय पुरुष और धनास की एक 60 वर्षीय वृद्धा शामिल हैं।
इन तीनों मरीजों में से एक को 24 अप्रैल और दो को 5 मई को पीजीआई में भर्ती किया गया था। पीजीआई से डिस्चार्ज होते समय डायरेक्टर प्रो. जगतराम और अन्य अधिकारियों ने उन्हें गुलदस्ता और कोरोना के योद्धाओं पर आधारित पोस्टर देकर शुभकामनाओं के साथ घर रवाना किया। इससे पहले सोमवार को भी पीजीआई में भर्ती बापूधाम निवासी तीन मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली थी।
बापूधाम के पहले पॉजिटिव का क्वारंटीन पीरियड पूरा होने के बाद पुलिस करेगी कार्रवाई
बापूधाम निवासी ओटी अटेंडेंट के 24 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जब उसका यात्रा इतिहास निकाला गया तो इस बात का खुलासा हुआ कि उसने अपने घर में लॉकडाउन के दौरान 16 अप्रैल को अपने भाई जबकि 17 अप्रैल को अपनी शादी की सालगिरह की पार्टी की थी। इसमें काफी लोग मौजूद थे। ओटी अटेंडेंट की इस हरकत के चलते बापूधाम में कोरोना की लंबी चेन बन गई।
उसके परिवार समेत कई अन्य लोग पॉजिटिव मिले। इसके बाद डीजीपी के निर्देश पर ओटी अटेंडेंट के खिलाफ सेक्टर-26 थाने में धारा 188, 269 और 270 के तहत केस दर्ज किया गया था। फिलहाल पुलिस का कहना है कि अभी 14 दिनों तक क्वारंटीन रहेगा। क्वारंटीन पीरियड पूरा होने के बाद ओटी अटेंडेंट को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी।