इटली से लौटे पिता-पुत्र में कोरोना के लक्षण, साथ आई महिला की रिपोर्ट निगेटिव, 104 की हुई जांच
- होशियारपुर के रहने वाले दोनों मरीज दिल्ली से श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे थे।
- साथ आई महिला रिश्तेदार की रिपोर्ट निगेटिव, साथ में सफर करने वाले 104 लोगों की जांच।
विस्तार
दुनिया भर में दहशत का पर्याय बन चुका कोरोनावायरस अमृतसर आ पहुंचा है। होशियारपुर के रहने वाले पिता-पुत्र इस वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनका इलाज अमृतसर के श्री गुरुनानक देव जी अस्पताल स्थित पृथक वार्ड में चल रहा है। पिता-पुत्र चार मार्च को इटली से दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पहुंचे थे।
वहां से श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। दोनों को खांसी जुकाम की शिकायत थी। हवाई अड्डे पर दोनों की थर्मल स्कैनिंग की गई। एयरपोर्ट पर प्रारंभिक जांच के बाद इन्हें श्री गुरुनानक देव जी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। इनके रक्त व स्वैब के नमूने दिल्ली भेजे गए थे। लैब से दोनों के कोरोनावायरस संक्रमित रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनके साथ एक महिला रिश्तेदार भी इटली से आई थी, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव है।
श्री गुरुनानक देव जी अस्पताल प्रशासन ने दोनों मरीजों को आइसोलेशन वॉर्ड के अलग कमरे में रखा है, ताकि अन्य संदिग्ध मरीज अथवा डॉक्टर इस वायरस की चपेट में न आ सकें। आइसोलेशन वॉर्ड में छह कमरे हैं। कोरोनावायरस के खतरे को भांपते हुए अस्पताल प्रशासन ने दो और आइसोलेशन वॉर्ड बना दिए हैं।
इधर, स्वास्थ्य विभाग ने चार मार्च को अमृतसर आने वाले सभी 104 यात्रियों की स्क्रीनिंग की। इसी फ्लाइट में ही होशियारपुर के पिता-पुत्र भी सफर कर रहे थे। स्वास्थ्य विभाग को यह आशंका थी कि कहीं फ्लाइट में बैठे अन्य यात्री भी संक्रमित तो नहीं हैं। इसके लिए विभाग ने एयरपोर्ट से सभी 104 यात्रियों के नाम व पते जुटाए।
सभी के घरों में टीमें भेजकर जांच की गई। विभाग का दावा है कि किसी में कोरोनावायरस के लक्षण नहीं थे। इनमें 18 लोग अमृतसर से संबंधित हैं। सिविल सर्जन डॉ. प्रभदीप कौर जौहल ने बताया कि दोनों को कोरोना की पुष्टि हुई है। फिलहाल दोनों के दोबारा सैंपल जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी लैब पुणे भेजे हैं। अभी यह रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
इसी बीच मेडिकल शिक्षा एवं खोज विभाग के मंत्री ओमप्रकाश सोनी व सांसद गुरजीत सिंह औजला ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर कोरोनावायरस के संदर्भ में अधिकाधिक जागरूकता फैलाने का आदेश दिया। सोनी ने कहा कि लोग भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में न जाएं। बार-बार साबुन से हाथ धोएं। कोरोना से डरने की जरूरत नहीं। सरकार हर तरह के प्रबंध कर चुकी है।