हरियाणा में कोरोना : गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों पर कहर बनकर टूट रही है महामारी
- कोरोना से मरने वालों में 85 प्रतिशत गंभीर बीमारियों वाले लोग
- हृदय, कैंसर, बीपी, शुगर और किडनी संबंधी मरीजों को है ज्यादा दिक्कत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों पर कोरोना काल बनकर टूट रहा है। अध्ययन में सामने आया है कि अब तक कोरोना से मरने वाले कुल लोगों में से 85 प्रतिशत गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे। वहीं 15 प्रतिशत लोग ऐसे हैं जो किसी अन्य बीमारी से ग्रस्त नहीं थे पर कोरोना ने उनकी जान ले ली। मरने वालों में पुरुषों की संख्या महिलाओं से लगभग दोगुना अधिक है। अब तक 2490 पुरुषों की कोरोना से मौत हो चुकी है, वहीं 1276 महिलाओं की जान गई है। खास बात ये है कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार और करनाल जिलों में ऐसे मरीजों की संख्या अधिक है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 25 अप्रैल तक कुल 3767 मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें 3202 ऐसे लोग हैं, जो पहले से ही किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे। इनमें हृदय, किडनी, शुगर, बीपी और कैंसर समेत अन्य गंभीर बीमारियां हैं। सांस रोग विशेषज्ञ डा. अभिनव डागर ने बताया कि शुरुआत से ही कोरोना गंभीर मरीजों पर भारी है। अध्ययन में ये साफ हो गया कि सामान्य व्यक्ति के मुकाबले पहले से ही बीमार व्यक्ति को कोरोना आसानी से लपेटे में लेता है। इसलिए ऐसे मरीजों को संक्रमण से बचाना जरूरी है।
ये है मरीजों की मौत का आंकड़ा
जिला गंभीर बीमारी से ग्रस्त बीमारी नहीं
फरीदाबाद 383 103
गुरुग्राम 325 104
करनाल 196 21
अंबाला 190 13
यमुनानगर 177 20
कुरुक्षेत्र 169 03
पानीपत 170 25
रोहतक 157 06
पंचकूला 154 29
भिवानी 145 34
फतेहाबाद 136 26
जींद 123 19
सिरसा 109 29
झज्जर 103 05
सोनीपत 88 29
कैथल 78 10
पलवल 36 04
नूंह 23 11
चरखीदादरी 20 06
महेंद्रगढ़ 18 04
--------------------------------------------------
कुल : 3202 565
हरियाणा में ऑक्सीजन की कमी से 8 संक्रमितों की मौत
ऑक्सीजन की कमी से हरियाणा में रविवार को आठ कोरोना मरीजों की मौत हो गई। रेवाड़ी के विराट अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि दोपहर ढाई बजे ऑक्सीजन खत्म होने के कारण उपाचाराधीन चार लोगों की मौत हो गई। परिजनों की मौत की खबर के बाद तिमारदारों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं सीएमओ ने ऑक्सीजन की कमी से इनकार किया है और जिला प्रशासन ने मौत का सही कारण जानने के लिए जांच बैठा दी है। उधर, गुरुग्राम के खांडसा रोड स्थित कथूरिया अस्पताल में भी ऑक्सीजन की कमी से चार लोगों की मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि प्रशासन से अनुरोध के बाद भी सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा।
रविवार को 10985 नए केस, 64 की मौत
प्रदेश में रविवार को कोरोना के 10985 नए केस सामने आए हैं और अलग-अलग जिलों में 64 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। संक्रमण दर 5.95 प्रतिशत पहुंच गई है, रिकवरी दर घटकर 81.61 प्रतिशत रह गई। वहीं, पहली बार गंभीर मरीजों की संख्या घटकर 1599 रह गई है। इनमें से 1412 ऑक्सीजन पर हैं और 187 वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। अब हरियाणा में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 74248 पहुंच गई है। रविवार को गुरुग्राम में 11, फरीदाबाद में 10, हिसार 7, करनाल 6, सोनीपत, अंबाला 5-5, सिरसा 4, रेवाड़ी, पंचकूला 3-3, कुरुक्षेत्र, भिवानी, झज्जर व कैथल में 2-2 और जींद व फतेहाबाद में 1-1 मरीज की मौत हो गई।