चंडीगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन: राहुल गांधी से ED की पूछताछ का विरोध, नेताओं पर पानी की बौछार, पुलिस ने 90 को हिरासत में लिया
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी और राहुल गांधी के समर्थन में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मार्च करने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से बाहर निकल कर सड़क पर बैठ गए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष है। चंडीगढ़ में गुरुवार को भी कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। संख्या कम थी लेकिन पूरे जोश के साथ नारेबाजी की। उधर, पंजाब कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल भी किया। 90 कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया है। बता दें कि नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय पूूछताछ कर रहा है।
चंडीगढ़ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राजभवन की ओर किया कूच
चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंजाब राजभवन की ओर कूच किया। कुछ कदम चलने के बाद ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हे आगे बढ़ने से रोक दिया। बाद में उन्हें हिरासत में ले लिया। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सीटीयू की बस में बैठाकर सेक्टर-36 के थाने ले जाया गया। हालांकि महिला कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी और राहुल गांधी के समर्थन में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मार्च करने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से बाहर निकल कर सड़क पर बैठ गए थे।
पंजाब कांग्रेस के नेताओं पर पुलिस ने की पानी की बौछार
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा की जा रही पूछताछ का विरोध करते हुए गुरुवार को पंजाब राजभवन तक कूच करने वाले पंजाब कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने 90 कांग्रेसियों को हिरासत में लेकर सेक्टर-3 थाने में बैठाए रखा।
पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान बरिंदर ढिल्लों के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता गुरुवार सुबह 10 बजे सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में एकत्र हुए। वहां से तय कार्यक्रम के अनुसार जैसे ही वह राजभवन घेराव के लिए निकले, चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
सड़क पर की गई बैरिकेडिंग को तोड़कर जब राजा वड़िंग सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और उन्हें हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के दौरान राजा वड़िंग और बरिंदर ढिल्लों बैरिकेड पर चढ़ गए। राजा वड़िंग की पुलिस के साथ बहस भी हुई। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने पानी की बौछारों से उन्हें रोका। तब कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं जमीन पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान भी कुछ कांग्रेस नेताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने करीब 90 कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया।
कांग्रेसी नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि गांधी परिवार ने देश के लिए बलिदान दिया है। शांतिपूर्वक रोष व्यक्त कर रहे कांग्रेस के नेताओं के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा किया गया व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा ईडी का इस्तेमाल कर रही है। यह लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। बाजवा ने दूसरे दलों से भी कहा कि अगर वह चाहते हैं कि देश में लोकतंत्र कायम रहे तो इसके लिए उन्हें इस मुद्दे पर आवाज उठानी चाहिए।
यूथ कांग्रेस के प्रधान बरिंदर ढिल्लों ने कहा कि ईडी द्वारा राहुल गांधी को बिना वजह घंटों बैठाकर रखा जा रहा है जबकि सब कुछ कागजों में लिखा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा राजनीतिक बदलाखोरी पर उतर आई है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
#WATCH चंडीगढ़: नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पूछताछ किए जाने को लेकर प्रदर्शन कर रहे पंजाब कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। pic.twitter.com/JdWnsbxabt
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 16, 2022