Haryana News: विश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा, अपराध, महंगाई, बेरोजगारी का मुद्दा उठाया
हरियाणा विधानसभा के एक दिवसीय सत्र में नायब सिंह सैनी सरकार ने विश्वास मत हासिल किया। मगर इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने सदन में कई मुद्दों को उठाया। कांग्रेस ने मंहगाई, बेरोजगारी, युवाओं के विदेश पलायन का मुद्दा उठाया। वहीं हुड्डा ने सरकार को फेल बताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव के दौरान कांग्रेस ने हरियाणा सरकार को घेरा। कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक महीने पहले सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई थी, उस समय भी सरकार के पास बहुमत नहीं था और अब भी नहीं है। पहले जजपा विधायकों को अपने साथ दिखाया और अब निर्दलियों को। इस दौरान कांग्रेस ने प्रदेश में बढ़ते अपराध महंगाई, बेरोजगारी और कॉमन मिनीमम प्रोग्राम को लेकर भाजपा सरकार की घेराबंदी की।
विश्वास प्रस्ताव पर सत्ताधारी दल और विपक्षी दल के कुल 17 सदस्यों ने अपनी बात रखी। भाजपा की ओर से विधायक हरविंद्र कल्याण, असीम गोयल, महिपाल ढांडा व मंत्री रणजीत सिंह, जेपी दलाल, नयनपाल रावत ने प्रस्ताव का समर्थन किया और पूर्व सीएम मनोहर लाल का गुणगान किया। हालांकि, बीच में कांग्रेस सदस्यों ने सरकार के गुणगान को लेकर हंगामा किया।
बेरी से कांग्रेस विधायक डॉ. रघुबीर सिंह कादियान समेत कई विधायकों ने कहा कि प्रदेश में अल्पमत की सरकार है और भाजपा को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिरकार एका एक सरकार को विश्वास मत हासिल करने की जरूरत क्यों पड़ी। गठबंधन सरकार में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और घोटालों का बोलबाला रहा। कादियान ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की हत्या के मुद्दे पर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। कांग्रेस विधायक राव दान सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार सदन में विश्वास मत हासिल कर लेगी लेकिन जनता से विश्वास उठ चुका है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पूछा- कहां है कॉमन मिनिमम प्रोग्राम
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने भाजपा-जजपा के कॉमन मिनिमम प्रोग्राम नहीं आने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कमेटी बनाई थी, आज तक इसका कोई फैसला नहीं हुआ। हुड्डा ने अनिल विज को संबोधित करते हुए कहा कि कमेटी के चेयरमैन आप थे, कहां है प्रोग्राम। विज ने चुटीले अंदाज में कहा कि उसका तो भोग डल गया। वहीं, कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि बजट सत्र के दौरान जब कांग्रेस अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई थी तो सत्ता पक्ष ने मखौल उड़ाया था। अब भाजपा विश्वास मत का प्रस्ताव लेकर आई है, इससे स्पष्ट है कि भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है। भाजपा-जजपा ने कॉमन मिनिमन प्रोग्राम आज तक लागू नहीं किया। उन्होंने विश्वास मत का विरोध जताया।
नीरज शर्मा ने चुटीले अंदाज में निर्दलियों को मंत्री बनाने की पैरवी
एनआईटी फरीदाबाद से कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने निर्दलीय विधायकों को चुटीले अंदाज में मंत्री बनाने की पैरवी की। शर्मा ने निर्दलीय विधायक नयनपाल राव, रणधीर गोलन, धर्मपाल गोंदर और हलोपा विधायक गोपाल कांडा को मंत्री बनाने की पैरवी की। कांग्रेस विधायक ने कहा कि निर्दलीय विधायकों से समर्थन लेते हुए ओहदा देने का आश्वासन जरूर दिया होगा, उसे पूरा किया जाना चाहिए। वहीं, उन्होंने परिवार पहचान पत्र को परेशानी पत्र करार देते हुए पोर्टल पर सवाल उठाए।
गठबंधन कार्यकाल में हुए घोटालों की रिपोर्ट की जाए सार्वजनिक: गोगी
असंध से कांग्रेस विधायक शमशेर सिंह गोगी ने गठबंधन सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए घोटालों की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। गोगी ने आरोप लगाया कि गठबंधन सरकार ने प्रदेश का भाईचारा तोड़ने का काम किया है। साथ ही जितने भी घोटाले हुए हैं, उन सब की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। उन्होंने विश्वास मत का विरोध किया। साथ ही उन्होंने नवनियुक्त मुख्यमंत्री नायब सैनी को सलाह दी कि अपने पास वित्त महकमा न रखे।
भाजपा में अनुशासन और त्याग संभव: कंवरपाल गुर्जर
कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने मुख्यमंत्री का पद छोड़ने पर मनोहर लाल की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अनुशासन और त्याग भाजपा में ही संभव है। वहीं, उन्होंने 2014 में कांग्रेस कार्यकाल पर सवाल उठाए कि जब राज्यपाल ने फ्लोर टेस्ट के लिए एक महीने का समय दिया था। उनके पास बहुमत है, इसलिए उन्होंने तुरंत ही इसे साबित कर दिया है। कंवरपाल ने विश्वास मत का समर्थन किया।
जो संगठन नहीं बनाए पाए वे सरकार बनाने का कर रहे दावा: असीम गोयल
भाजपा विधायक असीम गोयल ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जो संगठन नहीं बना पाए वे सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। कांग्रेस शासित राज्यों में यह स्थिति जगजाहिर है। हिमाचल में राज्यसभा चुनाव के दौरान तस्वीर सामने आई है कि सरकार में कुछ ठीक नहीं है। साढ़े नौ साल के कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लोक कल्याण में कार्य किया। मनोहर लाल की पाठशाला में लोक कल्याण का पाठ पढ़ा।
बेरोजगार युवाओं और किसानों के दर्द को समझो सीएम साहब: बलराज कुंडू
महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने नवनियुक्त मुख्यमंत्री नायब सैनी को बधाई देते हुए मांग उठाई कि बेरोजगार युवाओं और किसानों के दर्द को समझते हुए उनकी समस्याओं का हल करें। पोर्टल के नाम पर युवाओं का शोषण किया जा रहा है। मेरिट में युवाओं को ज्वाइनिंग नहीं मिल रही है। वहीं, किसान अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर है। कुंडू ने कहा कि अगर सरकार अच्छी नीतियां बनाएगी तो वह समर्थन करेंगे।