कांग्रेसी मंत्री बोले, 20-25 सीटों पर सिमटेगी कांग्रेस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिग्गज कांग्रेसी नेता कैप्टन अजय यादव ने मतगणना से पहले एक बार फिर हुड्डा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इससे सूबे में मतदान के बाद परिणाम आने से पहले ही कांग्रेस में घमासान मच गया है।
विभिन्न टीवी चैनलों में आ रहे सर्वे को देखते हुए बृहस्पतिवार को रेवाड़ी से दिग्गज नेता और कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन अजय यादव ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कारण ही पार्टी राज्य में कमजोर हुई है और उसे पूर्ण बहुमत मिलता नजर नहीं आ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को 25 से 30 सीटें ही मिलेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि रेवाड़ी में उनकी और कांग्रेस की छवि कमजोर होती है तो इसके लिए भी सीएम ही जिम्मेदार होंगे।
यादव ने मुख्यमंत्री पर क्षेत्रवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने रोहतक और झज्जर के युवकों को ही रोजगार दिया, रेवाड़ी के युवाओं के लिए कुछ नहीं हुआ।
बिन बुलाए हुड्डा पहुंचे रैली करने
मॉडल टाउन स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कैप्टन ने कहा कि मुझे ट्रांसफर करने तक की पावर नहीं दी गई, जिससे कर्मचारी भी नाराज रहे। कैप्टन अजय यादव ने कहा कि प्रचार के लिए उन्होंने केवल सैलजा, राबड़ी देवी और सचिन पायलट को ही बुलाया था जबकि हुड्डा राहुल गांधी के साथ यहां पहुंच गए।
उन्होंने माना कि इस बार लोगों ने उन्हें धोखा दिया, रातों रात लोगों ने खेमा बदल लिया। भूमि अधिग्रहण मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मैने और बेटे चिरंजीव राव ने इसका खूब विरोध किया। कैप्टन ने कहा कि सीएम मीरपुर यूनिवर्सिटी की घोषणा करने को तैयार नहीं थे। सोनिया गांधी से बात कर यूनिवर्सिटी की घोषणा करवाई।
मुझे बिजली मंत्री यह कहकर बनाया गया था कि तीन-चार माह में वित्त मंत्रालय दिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं किया गया। जबकि उन्होंने पिछली योजना में वित्त मंत्री रहते हुए सबसे अच्छा बजट पेश किया था। कैप्टन ने बताया कि राजीव गांधी उन्हें अंगुली पकड़कर राजनीति में लेकर आए। नाराजगी भले ही सीएम से हो लेकिन वह कांग्रेस को नहीं छोड़ सकते। आज जो भी हूं कांग्रेस के कारण हूं।
कैप्टन को भाजपा से आया था बुलावा
कैप्टन ने बताया कि बीजेपी नेता रामबिलास शर्मा का फोन आया था, उन्होंने कहा कि आपके पिता भी जनसंघ से जुड़े रहे हैं। बीजेपी में आने पर विचार करें लेकिन मैंने कांग्रेस छोड़ कर जाने से मना कर दिया।
प्रेसवार्ता के बीच में कैप्टन के फोन की घंटी बजती है। फोन करने वाला व्यक्ति किसी फाइल पर सिग्नेचर की बात करता है। इस पर कैप्टन कहते हैं वह फाइल घर पर मंगवाकर सिग्नेचर कर देंगे। इसी बीच कैप्टन ने फोन करने वाले से कहा कि कि इलेक्शन के दौरान मेरे इलाके का नहरी पानी बंद किया गया, किसके कहने पर किया गया।
सीएम के इशारे पर या आपके कहने पर। उन्होंने कहा कि सिंचाई मंत्री होते हुए भी उनके इलाके में पानी नहीं होगा तो फिर कहां होगा। खड़गवास में पानी नहीं पहुंचा। फोन करने वाले ने जवाब दिया कि टर्न के हिसाब से पानी बंद किया गया था।
उधर मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विभिन्न समाचार चैनलों द्वारा दिखाए जा रहे एग्जिट पोल के परिणामों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के खराब प्रदर्शन से इनकार करते हुए इन सभी निष्कर्षों को झूठा करार देते हुए तथ्यों से परे बताया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलेगा और तीसरी बार कांग्रेस की सरकार बनेगी।