सीएम ने 50 लाख की सहायता का किया एलान, लेकिन शहीद के पिता ने जो कहा वो काबिल-ए-तारीफ है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में चॉपर क्रैश में शहीद हुए भदानी गांव के शहीद विक्रांत के घर पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शहीद के पिता कृष्ण कुमार से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ है। परिवार की आर्थिक सहायता के लिए सरकार 50 लाख रुपये तथा एक आश्रित को नौकरी देगी। इस पर शहीद के पिता कृष्ण कुमार ने कहा कि सीएम साहब, पैसा तो आनी जानी चीज है।
वर्तमान में देश की शान खतरे में है, उसे बचाना जरूरी है। अगर एक बार शान चली गई तो उसे वापस नहीं लाया जा सकता। कृष्ण कुमार ने कहा कि उसे अपने बेटे पर गर्व है कि उसने देश की शान के लिए अपनी कुर्बानी दी है। सीएम ने कहा कि सरकार देश की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह से गंभीर है।
इस पर कृष्ण कुमार ने कहा कि रोज-रोज शहीद की खबर आने से अच्छा है कि अब एक बार में ही पाकिस्तान को सबक सीखा दिया जाए। कृष्ण कुमार की बात पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम मनोहर लाल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, देशहित में उचित कदम उठाए जाएंगे।
विक्रांत की शहादत का ऋणी रहेगा राष्ट्र
मुख्यमंत्री ने गांव भदानी में शहीद विक्रांत के घर पहुंच कर पिता कृष्ण कुमार, माता कांता देवी व धर्मपत्नी सुमन को ढांढस बंधाते हुए कहा कि विक्रांत की शहादत का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। ऐसे वीर सपूत पर हमें नाज है और उनका बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगा। शहीद विक्रांत के परिवार में माता-पिता के साथ धर्मपत्नी सुमन, पुत्र वरदान, पुत्री काव्या, बहन शर्मिला व सुनैना तथा भाई विशांत है।
पंचायत का प्रस्ताव करेंगे पूरा : धनखड़
कृषि, विकास एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने भी शहीद विक्रांत को नमन करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत भदानी शहीद की स्मृति के लिए जो भी प्रस्ताव पारित करेगी उसे तुरंत पूरा कराया जाएगा। धनखड़ ने कहा कि उनके लिए गर्व की बात है कि क्षेत्र का बेटा बहादुरी दिखाते हुए देश सेवा में आहूत हुआ है।