सीएम बादल ने बताया क्यों विशेष सत्र में हिस्सा लें कांग्रेसी विधायक
सतलुज यमुना नहर को राज्य की जीवन रेखा बताते हुए मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि राज्य के पानी की रक्षा के लिए ठोस रणनीति तैयार करने के लिए कांग्रेसी विधायकों को विधानसभा के विशेष सत्र में अनिवार्य रूप से हिस्सा लेना चाहिए क्योंकि यह राज्य के लोगों के हितों का मामला है न कि कोई राजनीतिक मामला है।
वह रविवार को गांव रखड़ा में कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा के पिता स्वर्गीय सूबेदार करतार सिंह की 20वीं बरसी के मौके पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे हुए थे।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बादल ने कहा कि राज्य के अति महत्वपूर्ण हितों के मद्देनजर कांग्रेसी विधायकों को विधानसभा के विशेष सत्र दौरान अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह समय की जरूरत है क्योंकि देश को यह संदेश जाना चाहिए कि सारा पंजाब इस मुद्दे पर एकजुट है। यह हर पंजाबी की जंग है और सारे सदन को इस मुद्दे पर एकजुट होना चाहिए। एक अन्य सवाल के जवाब में बादल ने कहा कि यह मामला अब राष्ट्रपति के पास है। वह जल्दी ही राष्ट्रपति से मिलकर राज्य में पानी की स्थिति से अवगत करवाएंगे।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन राजनीतिक नौटंकी
इस मुद्दे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की तरफ से किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों को बादल ने राजनीतिक नौटंकी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधी पार्टियां इस नाजुक मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं।
जबकि उनके राद दौरान एसवाईएल के लिए एक भी इंच जमीन नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि यह नहर राज्य के विरुद्ध साजिश है जिसकी योजना कांग्रेस ने बनाई थी और इसको शुरू भी उस ने ही किया था।
इससे पहले उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एसवाईएल को कभी भी बनने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने राज्य के लोगों को दरियाओं के पानी की रक्षा के लिए हर बलिदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
आगे कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह और दूसरे कांग्रेसी नेताओं ने इस नहर का शिलान्यास करते समय श्रीमती इंदिरा गांधी का स्वागत किया था और अब वही नेता ही इस मामले पर इस्तीफे देने का नाटक कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
इस अवसर पर शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान किरपाल सिंह बडूंगर, पूर्व प्रधान बीबी जगीर कौर ने स्वर्गीय सूबेदारू करतार सिंह धालीवाल को श्रद्धाँजलि भेंट की। श्रद्धाँजलि समारोह में कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा, दर्शन सिंह धालीवाल, चरनजीत सिंह धालीवाल आदि मौजूद रहे।