सीएम मनोहर लाल बोले- न खाऊंगा, न खाने दूंगा, जिसने खाया है, उसका भी निकाल दूंगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
'जन आशीर्वाद रथ यात्रा' पर निकले मुख्यमंत्री मनोहर लाल का करनाल में जोरदार स्वागत किया गया। इंद्री के गांव भादसो से शुरू हुई यात्रा नीलोखेड़ी, कर्ण नगरी, घरौंडा और असंध से होकर गुजरी तो लोगों ने फूलों से वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। सुबह 9. 30 बजे शुरू हुआ रथ यात्रा का पहिया जिले की पांचों विधानसभा में घुमा।
हर विधानसभा में सीएम के स्वागत की अगुवाई स्थानीय विधायक ने की और सभी विधायकों को अपने साथ रथ में भी चढ़ाया। सीएम की खुद की विधानसभा करनाल में अलग-अलग 25 स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। वहीं, 4.30 बजे सीएम असंध से होकर सफीदों के लिए निकल गए। यात्रा के दौरान सीएम ने लोगों से दोबारा से सरकार के लिए लाइसेंस रिन्यू करने के नाम पर आशीर्वाद मांगा।
लोगों ने हाथ उठाकर आशीर्वाद दिया। इस दौरान सीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरा और आह्वान किया कि वे दोबारा से सरकार लाने के लिए योजनाओं का प्रचार करें। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि न खाऊंगा न खाने दूंगा, जिसने खाया है उसका भी निकाल दूंगा, आपको तो केवल मेरा अगले पांच साल के लिए लाइसेंस रिन्यू करना है, आगे का काम मेरा।
पिछले पांच साल में बिना किसी भेदभाव के प्रदेश की जनता की सेवा की और आगे यह सेवा और कई गुणा स्पीड से की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अग्रसेन चौक से 109 करोड़ रुपये की विकास कार्यों की सौगात करनाल की जनता को देने के उपरांत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जहां पर शहर के लोगों ने जन आशीर्वाद यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया और मुख्यमंत्री ने सभी का आभार प्रकट किया।
' जो अनाड़ी बोलते थे अब खिलाड़ी कहकर साथ आना चाहते हैं '
पानीपत के सनौली रोड स्थित शिव चौक पर सीएम मनोहर लाल ने कहा कि जो लोग हमें अनाड़ी बोलते थे अब राजनीति का खिलाड़ी बोलते हैं और कहते हैं कि हमें बीजेपी में शामिल कर लो। हालांकि सीएम अपने निर्धारित कार्यक्रम से साढ़े तीन घंटे लेट पानीपत में पहुंचे थे। इस दौरान सीएम कई बार स्थानीय नेताओं पर भड़कते भी दिखाई दिए।
सीएम ने कहा कि दोबारा भाजपा को वोट देकर सत्ता में लाए। वो राज नहीं बल्कि सेवा करना जानते हैं। अब समय बदल चुका है। लोग गुंडों और भ्रष्ट नेताओं की सरकार नहीं चाहते। इसलिए लोगों का अपार प्यार भाजपा को मिला है। वो पूरे प्रदेश में घूमकर लोगों से आशीर्वाद ले रहे हैं। उनको पूरे प्रदेश से जैसा प्यार मिल रहा है। 25 लाख लोग इस यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं।
सीएम ने वंशवाद की राजनीति पर किए प्रहार
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में अब तक वोट के लिए सौदेबाजी होती थी। सीएम चुनाव से एक वर्ष पहले ही हलका में जाकर रैली करते थे और यह घोषणा करते थे कि यदि वोट देंगे तो हलका में विकास कार्य कराए जाएंगे। वंशवाद की राजनीति पर तीखे प्रहार किए। हमने कभी भ्रष्टाचार नहीं किया। हमें दूसरी सरकारों की तरह लूट खसोट नहीं आती।
हमें सेवा का भाव लेकर काम करते हैं। हमें विपक्ष को जवाब देने की जरूरत नहीं है। जनता विपक्ष को जवाब देगी। अब नौकरी पर्ची व खर्ची से नहीं बल्कि प्रतिभा से मिलती है। हरियाणा की जनता ही हमारा परिवार है। हम सत्ता को भोगने नहीं आए। ये सेवा का माध्यम है। सेवा ही हमारा धर्म और संकल्प है। जो हमने घोषणाएं की थी वो सभी पूरी की हैं, लेकिन अभी भी बहुत कुछ करना है। पिछले सरकारों ने बहुत भ्रष्टाचार किया है।
विपक्ष में भी नेता जीतकर आने चाहिए: सीएम
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा का मुकाबला किसी से नहीं है। सभी भाजपा में आना चाहते हैं। हम 75 पार का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। हम चाहते हैं कि विपक्ष के नेता भी चुनाव जीतकर आएं, ताकि हमें जनता से फीड बैक मिलता रहे और अपनी कमियों का भी पता चले।
भाजपा ने पाकिस्तान को सिखाया सबक
सीएम मनोहर लाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान का भी मुद्दा उठाया। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा की सरकार ने देश का गौरव बढ़ाया है। अब पाकिस्तान कोई हिमाकत नहीं कर सकता। पाकिस्तान को हर बार हमने मुंह तोड़ जवाब दिया है। पाकिस्तान को हर रोज डर लगा रहता है कि कहीं पीएम मोदी कुछ और बड़ा न कर दें। जो काम 72 साल में नहीं हुआ वो पीएम मोदी ने पहले सत्र में ही कर दिया।
कश्मीर से 370 हटाकर रचा इतिहास
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के घोषणा पत्र में कश्मीर से धारा 370 हटाने का वादा किया था। चुनाव परिणाम के महज दो माह के भीतर कश्मीर से धारा 370 हटाकर कश्मीर में एक निशान, एक विधान व एक संविधान बना दिया है। ये एक इतिहास रचा गया है। इसको कोई नहीं भूल सकेगा। देशवासियों को इस कदम का पूर्ण समर्थन मिला है। सिर्फ कुछ लोगों को ही इससे तकलीफ हुई है।
मुझे आशीर्वाद दें
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि वो दो दिन पानीपत में घूमकर लोगों से विधानसभा चुनाव के लिए आशीर्वाद ले रहे हैं। उनको उम्मीद है कि जनता उनको आशीर्वाद देगी। आम जनता का विश्वास बीजेपी पर है। वो पूरे प्रदेश में जहां भी जा रहे हैं उनको जनता का अपार आशीर्वाद मिल रहा है। पूरा प्रदेश जानता है कि भाजपा ने प्रदेश के लिए क्या किया है।