गुरुद्वारे में माथा टेक सीएम मनोहर लाल ने शुरू की 'जन आशीर्वाद यात्रा', 2100 किमी का होगा सफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रदेश की जनता ने आशीर्वाद देकर पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाई थी। जो संकल्प उस समय लिए थे, उन्हें पूरा करने का काम हमने किया है। पिछली सरकारों के काम के तरीके को बदला, जिसे पचाने में बहुत से लोगों को काफी तकलीफ भी हुई। जिन्हें इसका लाभ पहुंचा उन्होंने सरकार की प्रशंसा की।
पिछली सरकारों के ऐम (लक्ष्य) और गेम अलग होते थे, लेकिन भाजपा सरकार का लक्ष्य व गेम अलग है। पिछली सरकारों का एकमात्र लक्ष्य सत्ता सुख को भोगना था, जिसके लिए वह भ्रष्टाचार व दलाली करने में भी गुरेज नहीं करते थे। वह सरकारें सिर्फ अपने पारिवारिक सुख के बारे में सोचती थीं। वह भी अपने परिवार को सुख पहुंचाना चाहते हैं। लेकिन फर्क यह है कि पिछली सरकारों के प्रतिनिधियों के लिए उनके बेटे, पत्नी व रिश्तेदार ही परिवार थे, जबकि उनका परिवार हरियाणा की ढाई करोड़ जनता है।
रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री को बताया फकीर
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को फकीर बताया। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल ऐसे फकीर हैं जो खुद की नहीं, जनता की चिंता करते हैं। वर्ष 2014 में भाजपा ने बिना मुख्यमंत्री घोषित किए चुनाव लड़ा था। चुनाव जीतने के बाद मोदी ने हरियाणा की कमान मनोहर लाल जैसे फकीर के हाथों में सौंपी थी। राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी मनोहर लाल से करीब 30 साल से जान पहचान है। वह उनके निमंत्रण पर जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ करने पहुंचे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज हरियाणा व्यापार के मामले में 14वें से तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। यदि मनोहर लाल सत्ता में आए तो प्रदेश पहले स्थान पर होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के लिए मुख्यमंत्री के रूप में हीरा चुना है, जिसकी कार्यप्रणाली पर आंख मूंद कर विश्वास किया जा सकता है।
शंखनाद और पुष्पवर्षा के बीच कालका की सब्जी मंडी से जन आशीर्वाद यात्रा का भव्य आगाज हुआ। मूसलाधार बारिश के बाद भी विशाल पंडाल खचाखच भरा था। यात्रा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कालका से शुरू हुई यह यात्रा प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी और 8 सितंबर को रोहतक में संपन्न होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यात्रा के शुरू होने से पहले कालका के काली माता मंदिर में पूजा अर्चना की और गुरुद्वारे में माथा टेका।
जन आशीर्वाद यात्रा पिंजौर, अमरावती, चंडी मंदिर, माजरी चौक, नाडा साहिब, रामगढ़, बरवाला, मौली, रायुपररानी व जिले के अंतिम गांव प्यारेवाला से होते हुए अंबाला जिले के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र पहुंची। यहां से यमुनानगर के साढौरा विधानसभा क्षेत्र में दाखिल हो गई। मुख्यमंत्री ने हर पड़ाव पर लोगों को संबोधित किया और विधानसभा चुनाव में समर्थन देने का अनुरोध किया। लोगों ने भी भारत माता की जय, फिर एक बार मनोहर सरकार, अबकी बार 75 पार के गगनभेदी नारे लगाए।
मनोहर लाल ने अलग-अलग स्थानों पर लोगों से पूछा कि क्या वे सरकार के पिछले पांच वर्षों के कार्यकाल से खुश हैं या नहीं। लोगों ने हाथ खड़े कर अपनी खुशी और सहमति का इजहार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सरकार बदलने की बजाय व्यवस्था परिवर्तन के प्रयास किये हैं, जिससे गरीब से गरीब व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा है।
सीएम ने जनता को गिनाईं उपलब्धियां
मनोहर लाल ने जनता को अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था से काफी हद तक भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। सरकार की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आई है। पिछले पांच वर्षों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास हुआ है, लेकिन अभी और अधिक प्रयास करना बाकी है। कालका विधानसभा क्षेत्र में कार्यकाल के दौरान 800 करोड़ रुपये और पंचकूला के विकास पर करीब 2000 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है।
पंचकूला को मोहाली से करेंगे ज्यादा विकसित
जन-आशीर्वाद यात्रा के साथ ये रहे मौजूद
यात्रा में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, केंद्रीय राज्यमंत्री रतनलाल कटारिया, हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार, भाजपा के हरियाणा प्रभारी अनिल जैन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्ण देव कंबोज, कृष्ण पाल गुर्जर, वित मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, उद्योग मंत्री विपुल गोयल, लोक निर्माण मंत्री राव नरवीर सिंह, बेदी, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल, हरियाणा विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी व उत्तर प्रदेश के पंचायत मंत्री भूपिन्द्र सिंह, भाजपा संगठन मंत्री सुरेश भट, पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, कालका विधायक लतिका शर्मा, भाजपा के जिलाध्यक्षक दीपक शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन व अमित आर्य, वरिष्ठ भाजपा नेता कुलभूषण गोयल, रुबि भगत सिंह, विशाल सेठ, हरेंद्र मलिक, नवीन गर्ग, संजय शर्मा, कृष्ण ढुल, वीरेंद्र भाऊ, बलजिंद्र गोयल मौजूद थे।
जन आशीर्वाद यात्रा का रूट चार्ट
18 अगस्त को कालका से भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा शुरू हो गई है। इस दिन यह यात्रा पंचकूला, यमुनानगर व अंबाला के कुछ विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। 19 अगस्त को यमुनगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला, 20 अगस्त को कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, 22 अगस्त को करनाल, जींद, पानीपत, 23 अगस्त को पानीपत व सोनीपत, 25 अगस्त को सोनीपत, रोहतक, झज्जर, 27 अगस्त को झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, 28 अगस्त को फरीदाबाद व पलवल, 29 अगस्त को पलवल, नूहं, गुरुग्राम, 31 अगस्त को रेवाड़ी व नारनौल, 1 सितंबर को नारनौल, भिवानी, चरखीदादरी, रोहतक, भिवानी, 2 सितंबर को रोहतक, भिवानी, हिसार, 4 सितंबर को हिसार व जींद, 5 सितंबर को कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद व 6 सितंबर को सिरसा के विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। 08 सितंबर को रोहतक में यात्रा की समापन रैली होगी। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ सकते हैं।