Chandigarh Weather News: तीन घंटे में 27.9 MM बरसा पानी, दो साल बाद एक दिन में सर्वाधिक बरसात
विभाग के अनुसार एक मार्च से सोमवार शाम तक 186.6 एमएम बारिश हुई है। ये औसत से दोगुनी बारिश है। बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहले शहर का तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया था लेकिन फिर बारिश हो गई जिसके बाद तापमान में 8 से 9 डिग्री तक की गिरावट देखी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में सोमवार शाम को झमाझम बारिश ने पिछले दो साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कुछ ही घंटों में 27.9 एमएम बारिश हुई, जो पिछले दो साल में मई महीने में एक दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से चंडीगढ़ समेत पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में बारिश हुई है। इससे तापमान में भी गिरावट आई है।
मौसम विभाग ने सोमवार को चंडीगढ़ में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया था लेकिन दोपहर तक धूप खिली रही। तीन बजे के करीब अचानक मौसम बदलने लगा और शाम चार बजे के करीब शहर के अधिकतर इलाकों में काले बादल छा गए। करीब एक घंटे बाद शहर के कुछ हिस्सों में बारिश शुरू हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार शाम करीब साढ़े छह बजे से देर रात तक बारिश जारी रही। मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि रात 9:30 बजे तक चंडीगढ़ में 27.9 एमएम बारिश हुई। यह बारिश पिछले दो साल में एक दिन में सबसे ज्यादा है, क्योंकि 2022 में 23 मई को 11.5 एमएम बारिश हुई थी और 14 मई 2021 को 31.8 एमएम बारिश हुई थी।
विभाग के अनुसार एक मार्च से सोमवार शाम तक 186.6 एमएम बारिश हुई है। ये औसत से दोगुनी बारिश है। बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहले शहर का तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया था लेकिन फिर बारिश हो गई जिसके बाद तापमान में 8 से 9 डिग्री तक की गिरावट देखी गई और अब पिछले कुछ दिनों से शहर का तापमान 34-36 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है।
अगले पांच दिन तक गर्मी से रहेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान से दो डिग्री कम दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में आई गिरावट जारी रहेगी और तापमान 30 डिग्री से नीचे जा सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है, जो आने वाले करीब पांच दिन तक जारी रहेगा। इस दौरान शहर में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश भी हो सकती है।

मई महीने में एक दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश
वर्ष बारिश (एमएम)
- 29 मई 2023 27.9 (साढ़े 9 बजे तक)
- 23 मई 2022 11.5
- 14 मई 2021 31.8
- 2020 —
- 04 मई 2019 7.2
- 09 मई 2018 7.8
- 02 मई 2017 3.6
- 29 मई 2016 24.2
- 09 मई 2015 9.0
- 13 मई 2014 39
- 13 मई 2013 23.1