चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय का रिकॉर्ड रहा है कि परीक्षा समाप्ति के एक सप्ताह में छात्रों को परिणाम मिलने लगता था, लेकिन बीते वर्ष दिसंबर से ऐसा नहीं हो पा रहा है। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से पूर्व की भांति कार्य नहीं किया जा रहा है। फरवरी व मार्च में सेमेस्टर परीक्षाएं हुई थीं लेकिन अब तक परिणाम नहीं आया है। छात्र भी चिंतित हैं। वह परिणाम जानकार ही आगे की पढ़ाई करना चाहते हैं। हालांकि पीयू प्रशासन जल्द परिणाम जारी करने की बात कह रहा है।
पीयू ने स्नातक व परास्नातक के छात्रों की सेमेस्टर परीक्षाएं फरवरी व मार्च माह में आयोजित की थीं। ऑनलाइन ही परीक्षाओं का आयोजन हुआ। छात्रों ने उत्तर पुस्तिकाओं की सॉफ्ट कॉपी के साथ हार्ड कॉपी भी भेजी। नियमत: उत्तर पुस्तिकाएं जैसे ही पीयू के पास पहुंचती हैं तो उनका निर्धारण कर शिक्षकों को जांचने के लिए दे दिया जाता है। सूत्रों का कहना है कि नियमित छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं तो शिक्षकों के पास पहुंच गईं, लेकिन व्यक्तिगत छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं अभी कई शिक्षकों के पास नहीं पहुंचीं हैं। ऐसे में परिणाम और देर से आएगा। जानकारों का कहना है कि विभाग को उत्तर पुस्तिकाएं जल्द से जल्द शिक्षकों तक पहुंचानी चाहिए। कुछ शिक्षकों ने नियमित छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं चेक कर विभाग को भेज दी हैं, तो कुछ ने अभी चेकिंग नहीं की है।