चंडीगढ़: हाथरस घटना के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, निकाला कैंडिल मार्च
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के हाथरस में युवती से हुए सामूहिक दुष्कर्म के खिलाफ बुधवार शाम सेक्टर 17 प्लाजा में कैंडल मार्च निकाला गया। साथ ही पीड़ित युवती को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान स्टूडेंट फॉर सोसाइटी (एसएफएस), पंजाब स्टूडेंट यूनियन (पीएसयू), ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (एआईएसए), स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ यूनियन (एसएफआई) समेत छात्रा व अन्य मौजूद रहे। सभी ने कैंडल मार्च निकालकर आरोपियों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
इस मौके पर प्रोफेसर मनजीत ने कहा कि युवती को इंसाफ मिलना चाहिए। पुलिस इस केस को दबा रही है। इसके चलते पीड़िता का रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। हमारी अपील है केस को फास्ट ट्रैक पर लाया जाए, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके।
लोगों ने निकाला कैंडिल मार्च।
घटना के खिलाफ एबीवीपी का प्रदर्शन
हाथरस की बेटी के साथ की गई दरिंदगी के खिलाफ एबीवीपी ने बुधवार को पीयू की मार्केट में प्रदर्शन किया। इस दौरान पोस्टरों के जरिए संदेश दिया गया कि उसके परिवार को न्याय मिले। साथ ही आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। एबीवीपी ने मांग करते हुए कहा कि यह प्रकरण फास्ट ट्रैक को स्थानांतरित किया जाए। जल्द से जल्द परिवार को न्याय मिलना चाहिए। छात्रों ने कहा कि बेटियों पर हो रहे अत्याचार बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस मौके पर एबीवीपी कार्यकर्ता जतिन सिंह, प्रिया शर्मा आदि मौजूद रहीं।
कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने योगी का इस्तीफा मांगा
हाथरस घटना को लेकर चंडीगढ़ कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकाला। सेक्टर-15 में एनएसयूआई की ओर से आयोजित मशाल जुलूस के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। इन कातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। इस घटना को लेकर छाबड़ा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगा है। इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रधान दीपा दुबे के अलावा एनएसयूआई के पदाधिकारी भी मौजूद थे।
कांग्रेस ने भी निकाला मार्च।
छाबड़ा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। देश में सबसे अधिक अपराधों में यूपी शीर्ष पर है। बेटियों के नाम पर वोट मांगने वाले बीजेपी नेताओं के राज में आज देश की बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। इसे लेकर बुधवार को शहर में कई जगहों पर कैंडल मार्च निकाला गया।
ब्लॉक कांग्रेस डड्डूमाजरा, एनएसयूआई ने सेक्टर-15, एससी सेल की ओर से सेक्टर-24 और युवा कांग्रेस की ओर से रामदरबार में पीड़ित बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा शामिल हुए। छाबड़ा ने कहा कि भारत की एक बेटी का दुष्कर्म कर कत्ल कर दिया जाता है। तथ्य दबाए जाते हैं और अंत में उसके परिवार से अंतिम संस्कार का हक भी छीन लिया जाता है। यह अपमानजनक और अन्यायपूर्ण है। रात को परिजन गिड़गिड़ाते रहे लेकिन हाथरस की पीड़िता के शरीर को उत्तर प्रदेश प्रशासन ने जबरन जला दिया।
पीयू में एबीवीपी ने किया प्रदर्शन।
हाथरस घटना पर डड्डूमाजरा में कैंडल मार्च
भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज और चाइल्ड वुमन प्रोटेक्ट सोसाइटी की ओर से बुधवार को डड्डूमाजरा कॉलोनी स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में समाज के बुद्धिजीवियों, युवाओं और महिला कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला। स्वामी चंद्रपाल अनार्य व भावाधस के संयोजक नरेंद्र चौधरी ने कहा कि देशभर में अनुसूचित जाति पर अत्याचार हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश के हाथरस में लड़की से सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीयता से हर कोई दुखी है। 15 दिन जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ते हुए जंग हार गई। नरेंद्र चौधरी ने कहा कि जल्द आरोपियों पर कठोर कार्रवाई न की गई तो आग पूरे देश में फैल जाएगी।