Chandigarh News: चंडीगढ़ में कोरोना के केस बढ़े, मास्क पहनने की सलाह, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ व हेल्थकेयर वर्कर्स समेत अटेंडेंट्स के साथ आम लोगों को भी भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनने की सलाह दी है ताकि कोरोना के संक्रमण से बचा जा सके।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए सोमवार को एडवाइजरी जारी कर दी है। इसमें लोगों को संक्रमण से बचाव के मानकों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है। देश के कई हिस्सों में कोरोना संक्रमण दर में वृद्धि के साथ शहर में भी पिछले एक हफ्ते से मरीजों की संख्या बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ व हेल्थकेयर वर्कर्स समेत अटेंडेंट्स के साथ आम लोगों को भी भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनने की सलाह दी है ताकि कोरोना के संक्रमण से बचा जा सके।
बचाव के लिए इसका रखें ध्यान
- सार्वजनिक स्थानों पर हमेशा मास्क पहनें।
- छींकते और खांसते समय नाक और मुंह को रुमाल/टिश्यू से ढकें।
- इस्तेमाल के तुरंत बाद टिश्यू को बंद डिब्बे में फेंक दें।
- भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
- सार्वजनिक स्थानों पर सामाजिक दूरी (न्यूनतम एक मीटर) अवश्य बनाए रखें।
- बार-बार हाथ धोने का अभ्यास करें। साबुन और पानी से हाथ धोएं या अल्कोहल आधारित हैंड रब का इस्तेमाल करें।
- अस्वस्थता (बुखार, सांस लेने में कठिनाई और खांसी) होने पर डॉक्टर को दिखाएं।
- कोविड वैक्सीन की बूस्टर खुराक लें और अपने बच्चों को भी टीका लगवाएं।
- अपने हाथों से अपनी आंख, नाक और मुंह को छूने से बचें।
- सार्वजनिक स्थानों पर न थूकें।
- कोरोना के लक्षण दिखने पर कोविड की जांच करवाएं।
पांच नए पॉजिटिव मिले
चंडीगढ़ में सोमवार को पांच नए कोरोना मरीज मिले। संक्रमण दर 2.04 प्रतिशत पर पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में स्वास्थ्य विभाग ने 245 मरीजों की जांच की। वहीं शनिवार और रविवार को 300 से अधिक जांचें हुई थीं। सक्रिय मरीजों की संख्या 33 हो गई है। संक्रमित मिले मरीजों में तीन महिला और दो पुरुष शामिल हैं। पिछले सात दिनों की क्वारंटीन अवधि पूरी कर चुके चार मरीजों की छुट्टी दे दी गई। अस्पतालों में चार मरीज ऑक्सीजन बेड पर भर्ती हैं।
उधर, सोमवार को 12 से 14 साल आयु वर्ग में किसी भी बच्चे ने टीका नहीं लगवाया। इस आयु वर्ग में अभी तक सिर्फ 55.33 प्रतिशत बच्चों ने ही कोरोना की दूसरी डोज लगवाई है। वहीं 81 प्रतिशत बच्चों ने पहली डोज लगवाई है। टीकाकरण का यह प्रतिशत अन्य आयु वर्ग की तुलना में काफी कम है। शहर में इन लगातार कोरोना के मरीज मिल रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों को जागरूक होकर बच्चों का जल्द टीकाकरण करवाकर संक्रमण से सुरक्षित करना चाहिए।
अस्पतालों में ये है बेड की स्थिति
कोरोना महामारी की तैयारियों के मद्देनजर अस्पतालों में अभी पर्याप्त ऑक्सीजन बेड खाली हैं। पीजीआई में वर्तमान में कुल 380 बेड हैं, जिसमें 376 खाली हैं। जीएमसीएच-32 में कुल 165 बेड हैं, जिसमें एक भी मरीज भर्ती नहीं है। जीएमसीएच-48 में 84 बेड हैं और एक भी मरीज भर्ती नहीं है। वहीं जीएमसीएच 16 में 230 और सिविल अस्पताल-45 में 27 बेड हैं। इन दोनों अस्पतालों में एक भी मरीज भर्ती नहीं है।