चंडीगढ़। दो कमरे के मकान में रहने वाले हीरा लाल को साढ़े पांच लाख रुपये का पानी का बिल भेजने वाले नगर निगम ने अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद अब अपनी गलती सुधार ली है। सोमवार को नगर निगम के एक अधिकारी ने फोन कर हीरा लाल को बुलाया। उनकी समस्या सुनने के बाद बिल में सुधार कर 567 रुपये का नया बिल जारी कर दिया गया।
बता दें कि मलोया के स्मॉल फ्लैट में रहने वाले हीरा लाल पिछले कई महीनों से भारी भरकम पानी का बिल आने से परेशान थे और लगातार शिकायत करने के बावजूद कहीं सुनवाई नहीं हो रही थी। हीरा लाल ने बताया कि जनवरी 2020 से ही उनका बिल गलत आ रहा था। नगर निगम ने मार्च 2021 में पांच लाख 51 हजार 214 रुपये का बिल भेज दिया तो उनके होश ही उड़ गए। सेक्टर-37 स्थित नगर निगम के शिकायत केंद्र भी गए लेकिन आश्वासन देकर लौटा दिया गया। अमर उजाला ने सात मार्च (रविवार) के अंक में 'मकान दो कमरे का, पानी का बिल 5.52 लाख' शीर्षक से इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इतनी बड़ी चूक सामने आने के बाद अधिकारी हरकत में आए और सोमवार को उपभोक्ता हीरा लाल को बुलाकर उनका बिल ठीक किया। इसके बाद उन्हें 567 रुपये का नया बिल जारी किया गया है। गौरतलब है कि हीरा लाल ने आरोप लगाया था कि पहले जब वह सेक्टर-37 स्थित नगर निगम के शिकायत केंद्र गए थे, तो वहां पर कार्यरत कर्मचारियों ने उनके असली बिल को भी अपने पास रख लिया था।