कोरोना: चंडीगढ़ में चार और मोहाली-पंचकूला में तीन-तीन की मौत, 848 पॉजिटिव मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ट्राइसिटी में शुक्रवार को कोरोना से 10 और संक्रमितों की मौत हो गई, वहीं 848 नए संक्रमित मिले। नए संक्रमितों में मोहाली के 337, चंडीगढ़ के 260 और पंचकूला के 251 लोग शामिल हैं। वहीं, मृतकों में चंडीगढ़ निवासी 15 साल की एक किशोरी समेत चार के अलावा मोहाली और पंचकूला के तीन-तीन मरीज शामिल थे। ट्राइसिटी में लगातार हो रही मौतों और बढ़ते कोरोना संक्रमण से प्रशासनिक अधिकारियों समेत स्वास्थ्य विभाग के अफसर चिंतित दिखाई दे रहे हैं।
चंडीगढ़ में शुक्रवार को 260 पॉजिटिव सामने आए, जबकि कोरोना ने चार लोगों की जान ले ली। वहीं, 335 मरीजों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी मिली है। 260 कोरोना मरीजों में 172 पुरुष और 88 महिलाएं शामिल हैं। शहर में पॉजिटिव केसों की संख्या 9506 पहुंच गई है। वहीं, अब तक 110 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 167 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। शुक्रवार को पॉजिटिव मिले केसों में सेक्टर 20 के 10, सेक्टर-21 के 8, सेक्टर-22 के 9, सेक्टर-44 के 10, सेक्टर-45 के 11, सेक्टर-46 के 9, सेक्टर-52 के 10, मनीमाजरा के 31 और मौलीजागरां के 12 मरीजों के साथ शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के लोग शामिल हैं।
कोरोना से जिन चार मरीजों की जान चली गई, उनमें सेक्टर-43 की 60 साल वृद्धा की जीएमएसएच-16 में 17 सितंबर को मौत हो गई थी। वह कोरोना के साथ सेप्सिस की मरीज थी। सेक्टर-52 की 15 साल की किशोरी की जीएमसीएच-32 में 16 सितंबर को मौत हो गई थी।
कोरोना पॉजिटिव होने के साथ वह किशोरी भी सेप्सिस की मरीज थी। सेक्टर-46 निवासी 70 साल के वृद्ध की जीएमसीएच-32 में 17 सितंबर को मौत हुई थी। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ डायबिटीज और हाइपरटेंशन का मरीज था। सेक्टर-30 निवासी 71 साल की वृद्धा की जीएमसीएच-32 में 16 सितंबर को मौत हो गई थी। वह भी कोरोना पॉजिटिव थी और उसका हार्ट का इलाज चल रहा था।
मोहाली में 277 लोग स्वस्थ होकर लौटे घर
मोहाली में 337 नए कोरोना संक्रमित मिलने के साथ शुक्रवार को तीन लोगों की मौत हो गई। उधर, 277 लोग कोरोना को हराकर घर लौटे। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि मरने वालों में डेराबस्सी निवासी 52 वर्षीय महिला कैंसर से पीड़ित थी। उसका बनूड़ के ज्ञान सागर अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसके अलावा मोहाली फेज-7 में 54 वर्षीय बुजुर्ग, गांव मोटे माजरा निवासी 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
महिला शुगर की मरीज थी। उसका सरकारी मेडिकल कॉलेज पटियाला में इलाज चल रहा था। नए संक्रमितों में मोहाली में 125 केस, खरड़ में 52, ब्लॉक घड़ुआं में 70, ढकौली में 50, डेराबस्सी में 22, लालड़ू में 8 और बनूड़ में 2 केस सामने आए हैं। जिले में अब पॉजिटिव केस 7989 हो गए हैं। वहीं, 2538 केस सक्रिय हैं। उधर, अब तक ठीक हुए मरीजों की संख्या 5296 पहुंच चुकी है और 152 लोगों की जान गई है।
पंचकूला में 251 नए संक्रमित मिले
पंचकूला में कोरोना ने तीन लोगों की जान ले ली। इनमें सेक्टर-26 आशियाना का 55 वर्षीय व्यक्ति, रायपुररानी का 73 वर्षीय बुजुर्ग और सेक्टर-2 की 68 वर्षीय महिला शामिल रही। जिले में अब तक कोरोना से 57 मौतें हो चुकी हैं। शुक्रवार को 251 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें 157 केस पंचकूला के हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि खड़क मंगोली, खेड़ा सीताराम, मदनपुर, रिहौड़, सेक्टर-7, 14 और 23 में एक-एक, चंडी मंदिर, इंदिरा कॉलोनी, एमडीसी सेक्टर-5, नानकपुर, पुराना पंचकूला, रायपुररानी, सेक्टर-2, 8, 17, 24, 25 में दो-दो, सेक्टर-4, 9, 16, 19 व 21 में तीन-तीन, एमडीसी सेक्टर-4, सेक्टर-9, 11 और 12 में चार-चार, सेक्टर-6, 12ए और सेक्टर-26 में 5-5 और सेक्टर-10, 27 व 28 में 6-6 और सेक्टर-21 और कालका में सात-सात मामले पॉजिटिव मिले हैं। अमरावती और सेक्टर-15 में 8-8, औद्योगिक क्षेत्र और सेक्टर-20 में 9-9, जबकि पिंजौर में 15 मामले पॉजिटिव मिले हैं। इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट घोषित किया गया है।