{"_id":"66c3096f171cb2f10d0624e3","slug":"chandigarh-citizen-letter-to-pm-modi-for-demand-new-government-school-in-hallomajra-2024-08-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"PM मोदी को लिखा पत्र: चंडीगढ़ के सरकारी स्कूल में बच्चों को बैठने की जगह नहीं, पीएम से नए स्कूल की मांग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
PM मोदी को लिखा पत्र: चंडीगढ़ के सरकारी स्कूल में बच्चों को बैठने की जगह नहीं, पीएम से नए स्कूल की मांग
Mon, 19 Aug 2024 02:29 PM IST
अंकेश ठाकुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Mon, 19 Aug 2024 02:29 PM IST
सार
चंडीगढ़ के सरकारी स्कूल के हालातों को लेकर शहर के एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है। सरकारी स्कूल में बच्चों के लिए बैठने की जगह नहीं है। इसलिए नए स्कूल की मांग की गई है।
विज्ञापन
पीएम मोदी
- फोटो : X/BJP4India
विस्तार
चंडीगढ़ को स्मार्ट सिटी का दर्जा है। बावजूद शहर के कई हिस्सों में स्मार्ट सिटी के नाम पर कुछ भी नहीं है। चंडीगढ़ के पूर्व प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने हल्लोमाजरा में दो साल पहले नया स्कूल बनाने की घोषणा की थी। घोषणा को दो साल बीत चुके हैं लेकिन धरातल पर कोई काम नजर नहीं आ रहा है। योजना की फाइल अप्रूवल के लिए चक्कर काट रही है। नया स्कूल न बनने और पुराने में कम जगह होने के कारण बच्चों को आ रही परेशानियों को लेकर हल्लोमाजरा निवासी अरविंद कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर योजना का अमलीजामा पहनाने की गुहार लगाई है।
विज्ञापन
पत्र में अरविंद ने लिखा कि हल्लोमाजरा के सरकारी स्कूल में ग्रामीण गरीब बच्चों के लिए बैठने की जगह न होने से उन्हें शिक्षा के अधिकार से वंचित रखा जा रहा है जिस पर तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए। स्कूल में जगह न होने का कहकर बच्चों को दाखिला नहीं दिया जा रहा। उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि वह हल्लोमाजरा की खाली जगह पर गरीब विद्यार्थियों के हित में 12वीं कक्षा तक स्कूल बनाने के निर्देश जारी करें।
विज्ञापन
अभिभावकों ने पहले भी उठाया था मुद्दा
हल्लोमाजरा के एकमात्र स्कूल में बच्चों के खेलने के लिए मैदान नहीं है। स्कूल का मुद्दा अभिभावकों की ओर से मई 2022 में भी उठाया गया और 17 मई 2023 को प्रधानमंत्री के शिकायत निवारण पोर्टल पर रजिस्टर शिकायत नंबर PMOPG / E / 2024 / 00103563 से इसके बारे में सूचित किया।
विज्ञापन
टीन शेड में बढ़ाए जा रहे थे बच्चे
जगह के अभाव में बच्चों को उस समय टीन शेड में पढ़ाया जा रहा था, जिसका दौरा पूर्व प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने किया और नया स्कूल बनाने के आदेश दिए। टीन शेड में बैठने वाले नौवीं और दसवीं कक्षा के बच्चों को तीन किलोमीटर दूर कॉलोनी नंबर चार के सरकारी स्कूल में शिफ्ट किया। कॉलोनी नंबर 4 औद्योगिक क्षेत्र में है, जिस कारण बच्चों को वहां से आने-जाने में खराब रास्ते के चलते खतरा है। स्कूल में इस बार दूसरी कक्षा में एक बच्चे को दाखिला नहीं दिया, जिसका मुख्य कारण जगह न होना बताया गया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
प्रशासन के चीफ इंजीनियर सीबी ओझा का कहना है कि स्कूल बनाने की जगह को लेकर कुछ समस्या है। मेरे पास स्कूल का नक्शा बनकर नहीं आया है। अभी अन्य विभागों के पास काम है, हमारे पास आखिर में प्लान आना है।
स्कूल शिक्षा निदेशक हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ ने कहा कि हल्लोमाजरा में स्कूल बनाने को लेकर मास्टर प्लान में बदलाव होना है। उसके अप्रूवल के लिए फाइल गई हुई है। उस पर अप्रूवल मिलते ही स्कूल बनने का काम इंजीनियरिंग विभाग को चला जाएगा।