बदलाव: चंडीगढ़ हवाई अड्डा अब शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, नामकरण समारोह में पहुंची ये हस्तियां
पंजाब सरकार ने 2017 में मांग की थी कि हवाई अड्डे का नाम शहीद-ए-आजम सरदार शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मोहाली रखा जाना चाहिए। हरियाणा सरकार को भगत सिंह के नाम पर कोई आपत्ति नहीं थी लेकिन उसने मोहाली पर चिंता जताई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश के अमर शहीद भगत सिंह का नाम चंडीगढ़ एयरपोर्ट के साथ जुड़ गया है। मोहाली स्थित एयरपोर्ट को अब शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, चंडीगढ़ के नाम से जाना जाएगा। बुधवार को केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने शहीद भगत सिंह की 115वीं जयंती पर इस नामकरण का विधिवत उद्घाटन किया। हालांकि इसमें पंचकूला और मोहाली का नाम नहीं जोड़ा गया है। निर्मला सीतारमण ने कहा कि उन्हें इस नाम का अनावरण करते हुए गौरव की अनुभूति हो रही है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री वीके सिंह के अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और कैबिनेट मंत्री अनिल विज के साथ दोनों प्रदेशों के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित और बंडारू दत्तात्रेय भी मौजूद रहे। नाम बदली के साथ ही एयरपोर्ट के नामकरण को लेकर पंजाब और हरियाणा सरकार के बीच करीब सात साल से चला आ रहा गतिरोध भी समाप्त हो गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। उन्होंने इस एयरपोर्ट से अमेरिका और कनाडा के लिए सीधी फ्लाइट की मांग उठाई।
यह भी पढ़ें- बाप बना हैवान: नाबालिग बहनें बोलीं- मुंह में कपड़ा ठूंस पिता करता है दुष्कर्म, जबरन शराब व सिगरेट भी पिलाता है
प्रधानमंत्री ने 25 सितंबर को अपने मन की बात रेडियो कार्यक्रम के दौरान चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह के नाम पर रखे जाने की घोषणा की थी। मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा में भाजपा सरकार आई तो पंजाब विधानसभा ने 2017 में प्रस्ताव पारित किया कि हवाई अड्डे का नाम भगत सिंह के नाम पर रखा जाना चाहिए और इस पर बहस हुई।
पंजाब ने एयरपोर्ट बनाने के लिए मोहाली में जमीन दी। काफी बैठकों के बाद हरियाणा और पंजाब की सरकारों के बीच मतभेद समाप्त हुआ। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और पंजाब के सीएम भगवंत मान की संयुक्त बैठक में हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखे जाने पर सहमति बनी और यह प्रस्ताव केंद्र को भेज दिया गया।
एक मंच पर दिखे सीएम मान और गवर्नर पुरोहित
खास बात यह रही कि इस कार्यक्रम में पंजाब के सीएम भगवंत मान और गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित ने मंच साझा किया। हाल ही में दोनों के बीच पंजाब विधानसभा का सत्र बुलाने को लेकर खूब तकरार हुई थी, जिसे लेकर सियासत गरमा गई थी।
पंचकूला और मोहाली का नहीं जिक्र
केंद्र ने बेशक हवाई अड्डे का नामकरण मांग के अनुसार कर दिया है लेकिन इससे हरियाणा और पंजाब को झटका लगा है। दोनों सरकारें चाहती थीं कि इसके नामकरण में पंचकूला अथवा मोहाली जोड़ा जाए लेकिन एयरपोर्ट के नामकरण के दिन शहीद भगत सिंह एयरपोर्ट के साथ केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का नाम जोड़ा गया है। इसमें पंचकूला और मोहाली का कोई जिक्र तक नहीं किया गया है।
इससे पहले हरियाणा इसमें पंचकूला और पंजाब मोहाली जोड़ने की मांग करता रहा है। हालांकि शहीद भगत सिंह का नाम आने के बाद अब दोनों राज्यों की सरकारें इस पर चुप हैं। उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट का रनवे चंडीगढ़ में स्थित है, जबकि अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल मोहाली के गांव में पड़ता है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल और रनवे ऑपरेशन भारतीय वायुसेना के पास है।
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सिर्फ दो उड़ानें उपलब्ध
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अमेरिका और कनाडा के लिए सीधी फ्लाइट की मांग उठाई है। मान ने कहा है कि इस हवाई अड्डे से लंदन, न्यूयॉर्क, सेन फ्रांसिस्को, ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों के लिए भी उड़ानें शुरू होनी चाहिए। उनका कहना है कि इस हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा उपलब्ध होने से केवल पंजाब और चंडीगढ़ नहीं बल्कि हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर के लोगों को भी लाभ होगा।
फिलहाल इस हवाई अड्डे से केवल दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें- दुबई और शारजाह के लिए उपलब्ध हैं। लगभग 1400 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अधिकांश उड़ानें भारत के 15 विभिन्न शहरों के लिए ही उपलब्ध हैं। ये शहर अहमदाबाद, बंगलूरू, चेन्नई, दिल्ली, धर्मशाला, गोवा, हैदराबाद, इंदौर, जयपुर, कोलकाता, कुल्लू,, लखनऊ, मुंबई, पुणे और श्रीनगर हैं।
यह भी पढ़ें- खुशखबरी: सात साल बाद 7471 पदों पर निकली TGT की भर्ती, HTET पास करने वालों को मिलेगा मौका